अयोध्या, उत्तर प्रदेश
अक्षय नवमी से आरम्भ होने वाले चौदह कोसी और पंचकोसी परिक्रमा मेले को देखते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने श्री रामलला विराजमान के रात्रि कालीन दर्शन का समय एक घंटा बढ़ाने का निर्णय लिया है। 18 से 22 नवम्बर तक श्रद्धालु रात्रि 11 बजे तक दर्शन कर सकेंगे।
नियमित व्यवस्था में मुख्य द्वार से दर्शन के लिये प्रवेश रात्रि 8:45 बजे बन्द हो जाता है। परिवर्तित व्यवस्था में रात्रि 8:45 बजे भोग और आरती के लिये दर्शन स्थगित किए जाएंगे। आरती के पश्चात रात्रि 9:30 बजे से मुख्य द्वार से प्रवेश और दर्शन पुनः आरम्भ होंगे और रात्रि 11 बजे तक जारी रहेंगे।
न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त) ने न्यास के प्रमुख पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) को समय में परिवर्तन की जानकारी दी, ताकि दर्शन की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सके।
चौदह कोसी परिक्रमा 17 और 18 नवम्बर की मध्यरात्रि के बाद, बुधवार को प्रातः 1:20 बजे आरम्भ होगी। इसका समापन शुक्रवार, 20 नवम्बर को प्रातः 2:55 बजे होगा। परिक्रमा में भाग लेने वाले हजारों श्रद्धालुओं के श्री रामलला के दर्शन के लिये आने की सम्भावना है।
इसीलिए न्यास ने दर्शन के समय को रात 11 बजे ( एक घंटे अधिक) तक करने की निर्णय लिया है।



