• अनुवाद करें: |
विशेष

सेवा परमो धर्मः बना रीमा का संकल्प

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

सेवा परमो धर्मः बना रीमा का संकल्प

आज ‘नेह नीड़’ में बच्चों की शिक्षा पर ही ध्यान नहीं दिया जाता बल्कि उन्हें निःशुल्क आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। उनके रहन-सहन, खानपान, स्वास्थ्य, शिक्षा और उनकी छोटी-बड़ी आवश्यकताओं की चिंता रीमा जी एक मां की तरह करती हैं। यहां आने वाले बच्चों के लिए नेह नीड़ केवल विद्यालय या छात्रावास नहीं, बल्कि एक ऐसा परिवार है, जहां उन्हें स्नेह, सुरक्षा, संस्कार और अपने भविष्य के प्रति विश्वास व अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का ज्ञान मिलता है। 2016 में विवाह के बाद रीमा के जीवन साथी श्री कन्हैया लाल जी ने भी उनकी सेवा भाव को मूर्त रूप देने में सहयोग किया। 

मां गंगा के पावन तट पर उत्तर प्रदेश के गढ़मुक्तेश्वर (ब्रजघाट) में स्थित ‘नेह नीड़ फाउंडेशन’ की सचिव और यहां रहकर पढ़ रहे 130 बालकों की ‘दीदी’ रीमा जी बचपन से ही समाज और लोगों की सेवा करने का सपना देखती थीं। उनकी इच्छा थी कि ऐसा जीवन चुना जाए, जिसमें अपने कार्य के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए भी कुछ सार्थक किया जा सके। इसी उद्देश्य से उन्होंने सिविल सर्विसेज में जाने का निर्णय लिया। परन्तु जब उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली तो वे कुछ समय के लिए विचलित अवश्य हुईं, लेकिन हार नहीं मानी। उन्होंने अपने जीवन का लक्ष्य बदलने के बजाय उसकी दिशा बदल दी और झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले बच्चों को शिक्षित करने के लिए वहां निःशुल्क कक्षाएं प्रारम्भ कर दीं।

वर्ष 2016 में विवाह के बाद आपके जीवनसाथी श्री कन्हैया जी ने रीमा जी की इसी खुशी और सेवा-भाव को समझते हुए वर्ष 2020 में मेरठ के माधवकुंज से ब्रज प्रान्त के महानगरों की झुग्गी-बस्तियों के 32 जरूरतमंद बालकों को साथ लेकर इस पुनीत कार्य का विधिवत शुभारम्भ किया। ‘नेह नीड़’ अर्थात ‘स्नेह का घोंसला’ नाम ही इस संस्था के उद्देश्य को सार्थक करता है।

बालकों की शिक्षा, संस्कार और समग्र व्यक्तित्व विकास को समर्पित यह संस्था प्रतिवर्ष झुग्गी-बस्तियों तथा प्रवासी श्रमिक परिवारों के 30 से 35 होनहार और जरूरतमंद बालकों का चयन करती है। उन्हें विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराती है। उद्देश्य केवल उन्हें पढ़ा-लिखाकर परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारित, स्वावलंबी, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक भी बनाना है।

इन बच्चों के भीतर संस्कारों के बीज बोने के साथ उन्हें सनातन संस्कृति, भारतीय जीवन-मूल्यों और राष्ट्रभाव से परिचित कराया जाता है। योग, स्वच्छता, अनुशासन और आत्मनिर्भरता उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए जाते हैं। कभी अभाव, उपेक्षा और गलत संगत के बीच जीवन जीने वाले ये बच्चे आज अच्छे अंक प्राप्त कर नेह नीड़ का नाम रोशन कर रहे हैं। खेलकूद, कला, नृत्य, संवाद प्रतियोगिता और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी वे अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। नेह नीड़ परिसर में स्थित गौशाला और मंदिर भी बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। गौसेवा के माध्यम से उनमें करुणा और सेवा का भाव विकसित किया जाता है, वहीं धार्मिक गतिविधियों एवं भारतीय परंपराओं से उनका परिचय उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ता है।

नेह नीड़ का कार्य केवल कुछ बच्चों के जीवन को संवारने तक सीमित नहीं है। प्रवासी श्रमिकों और झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले परिवारों के होनहार बच्चों को शिक्षा, संस्कार और सम्मानजनक भविष्य का अवसर देकर यह संस्था समाज की उस बड़ी चुनौती का समाधान करने का प्रयास कर रही है, जहां आर्थिक अभाव में प्रतिभाशाली बच्चे मुख्यधारा से दूर हो जाते हैं व इन बस्तियों के कुछ निवासी कई बार देशविरोधी ताकतों के हाथों की कठपुतली बन जाते हैं व उनके लिए भीड़ जुटाने लगते हैं। जिन बस्तियों के बच्चे अनेक बार अभाव, अशिक्षा, असामाजिक वातावरण और भटकाव के बीच अपना भविष्य तलाशने को विवश होते हैं, उन्हीं बस्तियों में राष्ट्रभाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय संस्कारों का दीप जलाने का संकल्प नेह नीड़ ने लिया है। शिक्षा के माध्यम से बच्चों को सक्षम बनाना और संस्कारों के माध्यम से उन्हें देश और समाज के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाना यही इस संस्था की सबसे बड़ी विशेषता है।

‘सेवा परमो धर्मः’ को अपने जीवन का आधार बनाकर रीमा जी वास्तव में एक मूर्तिकार की तरह इन बालकों के भविष्य को आकार दे रही हैं। जिस प्रकार एक मूर्तिकार पत्थर में छिपी सुंदर प्रतिमा को अपनी साधना और धैर्य से आकार देता है, उसी प्रकार रीमा जी अभावों में छिपी इन प्रतिभाओं को शिक्षा, स्नेह, संस्कार और अवसर देकर उनके भीतर के उज्ज्वल भविष्य को सामने ला रही हैं। नेह नीड़ केवल एक संस्था नहीं, बल्कि उन 130 बालकों के लिए स्नेह का वह घर है, जहां उन्हें शिक्षा के साथ परिवार मिलता है, संस्कार के साथ संस्कृति मिलती है और सपनों के साथ उन्हें पूरा करने का अवसर भी मिलता है। मां गंगा के किनारे जलता यह छोटा-सा दीप आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा, सेवा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण की एक बड़ी ज्योति बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।