बलरामपुर,यूपी
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की स्थानों के नाम बदलने की प्रक्रिया लगातार जारी है, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में बलरामपुर नगर क्षेत्र के ‘घोसियाना मोहल्ला’ का नाम बदलकर अब ‘नागेश्वरपुरम’ कर दिया गया है। बता दें यह फैसला नगर पालिका परिषद की हाल ही में हुई बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसकी जानकारी नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने मीडिया को दी।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय स्थानीय नागरिकों की मांग और क्षेत्र की धार्मिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जानकारी के अनुसार नया नाम ‘नागेश्वरपुरम’ इसलिए चुना गया क्योंकि यह मोहल्ला प्राचीन और ऐतिहासिक झारखंडी महादेव मंदिर एवं झारखंडी सरोवर के निकट स्थित है। वर्तमान में झारखंडी सरोवर का व्यापक सौंदर्यीकरण किया जा रहा है और उसे एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। क्षेत्र के धार्मिक महत्व को देखते हुए स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से इस नाम परिवर्तन की मांग की जा रही थी। और अब नगर पालिका प्रशासन ने इस परिवर्तन की औपचारिक घोषणा कर दी है और नोटिस जारी कर मोहल्ले के सभी निवासियों को सूचित किया गया है कि अब यह क्षेत्र ‘नागेश्वरपुरम’ के नाम से जाना जाएगा।