• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

नोएडा में बनेंगे 13 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन, ईवी चालकों को मिलेगी बड़ी राहत

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

नोएडा, उत्तर प्रदेश

पर्यावरण को बेहतर बनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नोएडा में तेजी से ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर में जल्द ही बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे इलेक्ट्रिक दोपहिया और थ्री व्हीलर चालकों को चार्जिंग के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

नोएडा प्राधिकरण शहर में 13 स्थानों पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने जा रहा है। इसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है और एजेंसी चयन का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एस.पी. सिंह के अनुसार फाइलिंग प्रक्रिया अगले 7 से 8 दिनों में पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद तय किए गए स्थानों पर स्टेशन लगाने का काम शुरू हो जाएगा।

प्राधिकरण का लक्ष्य मार्च के अंत तक सभी 13 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन चालू करने का है। हर स्टेशन पर दो स्वैपिंग प्वाइंट होंगे और कुल 44 बैटरियां उपलब्ध रहेंगी। इससे खासकर इलेक्ट्रिक दोपहिया और व्यावसायिक वाहनों को काफी सुविधा मिलेगी, क्योंकि उन्हें बैटरी चार्ज होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उनकी परिचालन क्षमता भी बढ़ेगी।

इन स्टेशनों का संचालन करने के लिए एजेंसी का चयन किया जा चुका है और बैटरी स्वैपिंग की दरें तय की जा रही हैं। यदि किसी दोपहिया या थ्री व्हीलर वाहन की बैटरी कमजोर या डिस्चार्ज हो जाती है, तो चालक स्टेशन पर आकर उसे तुरंत दूसरी चार्ज बैटरी से बदलवा सकेगा। बाद में अपनी बैटरी चार्ज होने पर वापस ले सकता है।

बैटरी स्वैपिंग स्टेशन सेक्टर-6, 29, 25A, 24, 63, 16A, 16, 15, 58, 61 और एमिटी यूनिवर्सिटी सेक्टर-125 समेत कई स्थानों पर बनाए जाएंगे। सेक्टर-63 में दो स्थानों पर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए हाल ही में तीन कंपनियों ने प्रेजेंटेशन दिया था और एचपीसीएल के साथ अनुबंध की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।