• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

15 अगस्त पर यूपी में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का ऐतिहासिक संगम

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तर प्रदेश के हर जिले में बनेगी ‘वंदे मातरम् वाटिका’

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तर प्रदेश में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जी हां, प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 15 अगस्त को सभी जिलों में ‘वंदे मातरम् वाटिका’ स्थापित की जाएगी। यह पहल राष्ट्रप्रेम के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, वन विभाग ने इस विशेष अभियान की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। प्रत्येक जिले में एक चयनित स्थान पर 150 पौधे लगाए जाएंगे। यह पौधारोपण राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रकृति को समर्पित एक विशेष श्रद्धांजलि होगा।

बता दें, हर जिले में विकसित होने वाली ‘वंदे मातरम् वाटिका’ में स्थानीय जलवायु के अनुसार छायादार, फलदार और पर्यावरण के लिए उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर तय की जाएगी, ताकि यह पहल केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि लंबे समय तक हरियाली की पहचान बने।

इस अभियान में आम लोगों की भागीदारी भी अहम होगी। पौधारोपण कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठन, वंदे मातरम् फाउंडेशन एवं ट्रस्ट, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सरकारी विभाग मिलकर हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और पौधों की देखभाल के लिए प्रेरित करना है।

अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक दीपक कुमार के अनुसार, ‘वंदे मातरम् वाटिका’ प्रदेश में चल रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान की महत्वपूर्ण कड़ी होगी। यह पहल आजादी के संदेश को हरियाली से जोड़ते हुए समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करेगी।