• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

चारधाम यात्रा के लिए एक हफ्ते में 5.18 लाख रजिस्ट्रेशन, 19 अप्रैल से होगी शुरुआत

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

चारधाम यात्रा 2026: एक हफ्ते में 5 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, केदारनाथ सबसे आगे

उत्तराखण्ड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होती है। देश-विदेश से लोग इस पवित्र यात्रा पर भगवान के दर्शन के लिए आते हैं। इस बार भी यात्रा शुरू होने से पहले ही श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए 5.18 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 1.73 लाख से अधिक लोगों ने केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन किया है।इसके अलावा बदरीनाथ धाम के लिए 1.52 लाख से ज्यादा, गंगोत्री धाम के लिए करीब 97 हजार और यमुनोत्री धाम के लिए लगभग 95 हजार श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।

तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने 6 मार्च से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया था। वहीं, 17 अप्रैल से हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर समेत 50 केंद्रों पर ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी। पिछले वर्ष करीब 70 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि लगभग 49 लाख श्रद्धालुओं ने चारों धामों के दर्शन किए थे। इस वर्ष भी रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यात्रा में नया रिकॉर्ड बन सकता है।

सरकार और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी की जा रही हैं। सभी संबंधित विभागों को बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा बिना किसी परेशानी के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।