• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

13, 14, 15 मार्च को समालखा (हरियाणा) में होगी अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

दिल्ली - 24 फरवरी, 2026।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा इस वर्ष समालखा, (हरियाणा) में युगाब्द 5127, विक्रम संवत् 2082 चैत्र कृष्ण दशमी (द्वि-दिवसीय), एकादशी अर्थात् दिनांक 13,14 एवं 15 मार्च 2026 को आयोजित हो रही है। संघ की दृष्टि से यह सर्वोच्च निर्णायक इकाई की बैठक होती है। प्रतिवर्ष होने वाली बैठक का आयोजन इस वर्ष ग्रामविकास एवं सेवा साधना केन्द्र, पट्टीकल्याणा, समालखा, (हरियाणा) में हो रहा है।

यह वर्ष संघ शताब्दी का होने के नाते शताब्दी निमित्त आयोजित विजयादशमी उत्सव, गृहसंपर्क, हिन्दू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, प्रमुख नागरिक गोष्ठी, सामाजिक सद्भाव बैठकें आदि कार्यक्रमों तथा अभियानों के वृत्तांत के साथ-साथ अनुभवों पर बैठक में विशेष चर्चा रहेगी। प्रतिनिधि सभा में गत वर्ष 2025-26 के संघ कार्य की समीक्षा तथा प्रांतों में हुए विशेष कार्यों का निवेदन होगा।

बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर चर्चा के साथ ही कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्ताव भी पारित किए जाएँगे। संघ शाखाओं द्वारा अपेक्षित सामाजिक परिवर्तन के कार्यों सहित विशेष रूप से पंच परिवर्तन के प्रयासों की चर्चा अपेक्षित है। संघ शिक्षा वर्ग तथा कार्यकर्ता विकास वर्ग सहित अन्य प्रशिक्षण वर्गों की योजनाओं पर विचार-विमर्श तथा आगामी वर्ष की संघ कार्य योजना का निर्धारण किया जाएगा।

 बैठक में पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी, माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी तथा सभी सह सरकार्यवाह एवं अन्य पदाधिकारियों सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहेंगे। बैठक में मुख्य रूप से निर्वाचित प्रतिनिधि, प्रांत व क्षेत्र स्तर के प्रमुख पदाधिकारी सहित कुल 1489 कार्यकर्ता अपेक्षित हैं। बैठक में संघ प्रेरित विविध 32 संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री एवं संगठन मंत्री भी अपेक्षित रहेंगे।

 सुनील आंबेकर

अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ