• अनुवाद करें: |
विशेष

बेटियों के भविष्य की शिल्पकार

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

बेटियों के भविष्य की शिल्पकार 

जौनपुर जिले के मड़ियाहूं तहसील के शिवपुर (बेलवां) गांव निवासी कमला सिंह पिछले दो दशकों से गरीब और जरूरतमंद बेटियों के जीवन में शिक्षा की रोशनी फैलाने का निःस्वार्थ कार्य कर रही हैं। बिना किसी प्रचार-प्रसार और निजी स्वार्थ के उन्होंने बेटियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन के लिए सक्षम बनाने का जो संकल्प लिया, वह आज एक प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है। कमला सिंह की दो दशक लंबी यह यात्रा इसी सोच का प्रमाण है। उन्होंने सैकड़ों गरीब बेटियों के लिए शिक्षा के दरवाजे खोले हैं और उन्हें अपने सपनों को आकार देने का अवसर दिया है। उनके प्रयासों से निकली बेटियां आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं। 

वर्ष 2004 में कमला सिंह ने श्रीजंगी सिंह इंटरमीडिएट बालिका कॉलेज की स्थापना की। उस समय उनका उद्देश्य बिल्कुल स्पष्ट था - ऐसे परिवारों की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटियों की पढ़ाई जारी रखने में असमर्थ थे। मात्र 54 छात्राओं से शुरू हुई यह छोटी-सी पहल आज एक बड़े अभियान का रूप ले चुकी है। वर्तमान में 500 से अधिक छात्राएं इस विद्यालय में अध्ययनरत हैं आसपास के करीब 23 गांवों की बेटियां कक्षा छह से 12 तक शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।

कमला सिंह केवल छात्राओं की फीस माफ करने तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि आर्थिक कठिनाई उनकी पढ़ाई में किसी भी स्तर पर बाधा न बने। सुनिश्चित किया कि छात्राओं को कॉपियां, किताबें, ड्रेस, गर्म कपड़े तथा पढ़ाई के लिए आवश्यक अन्य सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाये। उनका मानना है कि किसी गरीब परिवार की बेटी केवल इसलिए शिक्षा से वंचित न रह जाए कि उसके पास किताबें या विद्यालय की पोशाक खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं।

उनकी पहल का एक और महत्वपूर्ण पक्ष उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देना है। 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में प्रवेश पाने वाली छात्राओं को वह प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान करती हैं। अब तक 73 छात्राएं इस सहायता का लाभ लेकर उच्च शिक्षा की राह पर आगे बढ़ चुकी हैं। इनमें से कई छात्राओं के लिए यह आर्थिक सहयोग उनके सपनों को पूरा करने का महत्वपूर्ण आधार बना है।

समय के साथ कमला सिंह ने शिक्षा के साथ समाजसेवा और आधुनिक तकनीक को जोड़ते हुए अपनी पहल को एक नई दिशा दी है। उनका प्रयास केवल बेटियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसा हुनर और आत्मविश्वास देने का है, जिससे वे भविष्य में अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और सम्मान के साथ अपना जीवन जी सकें। उनका विश्वास है कि शिक्षित और सक्षम बेटी केवल अपने परिवार का भविष्य नहीं बदलती, बल्कि पूरे समाज के विकास की आधारशिला बनती है।

आज जब महिला शिक्षा, बालिका सशक्तीकरण और बेटियों के लिए सरकारी योजनाओं की चर्चा व्यापक स्तर पर होती है, तब शिवपुर का यह विद्यालय यह संदेश देता है कि सामाजिक परिवर्तन केवल सरकारी योजनाओं से नहीं आता। उसके लिए ऐसे संवेदनशील, दूरदर्शी और समर्पित व्यक्तित्वों की भी आवश्यकता होती है जो किसी समस्या को देखकर केवल चिंता न करें, बल्कि उसके समाधान के लिए स्वयं आगे बढ़ें।

कमला सिंह की दो दशक लंबी यह यात्रा इसी सोच का प्रमाण है। उन्होंने सैकड़ों गरीब बेटियों के लिए शिक्षा के दरवाजे खोले हैं और उन्हें अपने सपनों को आकार देने का अवसर दिया है।