• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

देहरादून, उत्तराखण्ड

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देकर पहाड़ों को फिर से हरा-भरा और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार और सेना मिलकर अहम कदम उठा रहे हैं और इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड में एक खास पहल की। उन्होंने अपनी जन्मभूमि पर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय, बिथ्याणी परिसर में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। इस अवसर पर सेना की 127 गढ़वाल इन्फैंट्री बटालियन के जवानों ने योगी आदित्यनाथ और भारत माता की जय के नारे लगाए। यह बटालियन गढ़वाल ग्रीनर्स के नाम से जानी जाती है और कर्नल प्रतुल थपलियाल के नेतृत्व में वर्ष 2023 से पौड़ी जिले में पर्यावरण संरक्षण का काम कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बटालियन की दो राज्य-वित्तपोषित कंपनियों ने हर साल करीब 4 लाख पौधे लगाए हैं। इसके साथ ही पानी को संरक्षित करने के लिए 9 जल तालाब और 27 जल खाइयों का निर्माण भी किया गया है। वर्ष 2025 तक कुल 12 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं और 81 जल खाइयां तथा 27 जल तालाब बनाए गए हैं, वही 127 गढ़वाल इन्फैंट्री बटालियन ने महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय, बिथ्याणी को पर्यावरण जागरूकता केंद्र के रूप में अपनाया है। यहां के छात्र और स्टाफ पौधारोपण, हरियाली बढ़ाने और परिसर के सौंदर्यीकरण में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। साथ ही वर्ष 2026 में बटालियन द्वारा विल खोल खंडी क्षेत्र में 400 हेक्टेयर भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पहल को पहाड़ों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और पलायन रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।