आगरा, उत्तर प्रदेश
आगरा से उच्च शिक्षा के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जी हां, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना की शुरुआत की। साथ ही, उच्च शिक्षा विभाग ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ एक अहम समझौता (एमओयू) भी किया।
बता दें, एमओयू के तहत उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कई विशेष सुविधाएं मिलेंगी। इसमें 1.50 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 3 करोड़ रुपये तक का हवाई दुर्घटना बीमा, 60 हजार रुपये तक का अस्पताल नकद लाभ और 12 लाख रुपये तक का टर्म लाइफ बीमा शामिल है। इसका उद्देश्य शिक्षकों और कर्मचारियों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा देना है।
वहीं, मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के तहत प्रदेश के विश्वविद्यालयों, सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, योजना के तहत पात्र शिक्षक और उनके परिवार सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करा सकेंगे। स्वास्थ्य कार्ड बनने के पहले ही दिन से इस सुविधा का लाभ मिलेगा। अस्पताल में भर्ती होने, इलाज, दवाइयों और डिस्चार्ज तक का पूरा खर्च योजना के तहत कवर किया जाएगा। सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों को स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए जाएंगे।
इस योजना में 1900 से अधिक उपचार पैकेज शामिल किए गए हैं। इनमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग, जटिल सर्जरी और कई गंभीर बीमारियों का इलाज शामिल है। योजना का संचालन साचीज (SACHIS) के माध्यम से किया जाएगा और इलाज के लिए आयुष्मान भारत की निर्धारित दरें लागू होंगी। इसके लिए पोर्टल पर शिक्षकों का पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है।



