• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

प्लास्टिक प्रदूषण रोकने के लिए उत्तराखण्ड में शुरू हुई कैशबैक योजना

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

हल्द्वानी, उत्तराखण्ड

 प्लास्टिक कचरे से बढ़ते प्रदूषण को कम करने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने के लिए उत्तराखण्ड में एक नई पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत अब खाली प्लास्टिक बोतल, चिप्स के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक की केन और टेट्रा पैक जैसी वस्तुएं वापस करने पर लोगों को प्रति आइटम 2 रुपये का कैशबैक दिया जा रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद की एक रिसाइकिल कंपनी ने राज्य सरकार के साथ मिलकर इस योजना की शुरुआत की है। फिलहाल इसका डेमो हल्द्वानी, भीमताल और रामनगर स्थित कॉर्बेट पार्क क्षेत्र में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने के बजाय उसे रिसाइकिल के लिए वापस करने के लिए प्रेरित करना है।

बता दें, हल्द्वानी नगर निगम के सामने स्वच्छ भारत मिशन के तहत “सबका साथ, स्वच्छ उत्तराखण्ड” थीम पर एक स्टॉल लगाया गया है। यहां लोगों को बताया जा रहा है कि खाली पैकेट और प्लास्टिक की बोतलें जमा करने पर उनके खाते में सीधे 2 रुपये भेजे जाएंगे।

स्टॉल पर मौजूद कर्मचारियों के अनुसार, वापस की गई वस्तुओं पर एक विशेष क्यूआर कोड लगाया जाता है। इसके बाद हैंड स्कैनिंग डिवाइस से कोड स्कैन करने पर उपभोक्ता के खाते में राशि ट्रांसफर कर दी जाती है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि यह पहल शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे रिसाइकिल सेंटर शहरों में स्थायी रूप से खोले जा सकते हैं। वहीं, चारधाम यात्रा मार्गों पर वर्ष 2022 से ऐसे सेंटर पहले से संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2025-26 में चारधाम रूट से 17.45 मीट्रिक टन कचरे का सफलतापूर्वक रिसाइकिल किया गया है। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगी, बल्कि लोगों को कचरा प्रबंधन के प्रति जिम्मेदार बनाने का भी काम करेगी।