मेरठ, उत्तर प्रदेश
अब दिल्ली से
मेरठ पहुंचना और भी आसान हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-मेरठ नमो
भारत रैपिड रेल की पूरी लाइन को हरी झंडी दिखा दी है. और 22 फरवरी शाम 6 बजे से यह सेवा आम लोगों के लिए शुरू हो गई
है।
82 किलोमीटर लंबा पूरा कॉरिडोर शुरू
दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर की कुल लंबाई 82 किलोमीटर है। अब सराय
काले खां (दिल्ली) से मोदीपुरम (मेरठ) तक पूरी लाइन चालू हो चुकी है। करीब 80 किलोमीटर का यह सफर अब सिर्फ 55 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। पहले जहां इस
दूरी को तय करने में काफी समय लगता था, वहीं अब यात्री तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव कर सकेंगे।
इस रूट में
साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे
प्रमुख शहर शामिल हैं। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटा है, हालांकि इसे 160 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलाया जाएगा।
इससे दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
मेरठ मेट्रो भी
हुई शुरू
प्रधानमंत्री ने मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन किया। खास बात यह है कि मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन एक ही ट्रैक पर चलेंगी। मेरठ मेट्रो की अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और यह सभी स्टेशनों पर रुकते हुए करीब 30 मिनट में दूरी तय करेगी। इसे देश की सबसे तेज मेट्रो सेवाओं में से एक माना जा रहा है।
नमो भारत ट्रेन
की सुविधाएं
नमो भारत ट्रेन पूरी तरह एयर कंडीशन्ड है और इसमें छह कोच हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में दो प्रकार के कोच हैं – स्टैंडर्ड और प्रीमियम।
प्रीमियम कोच में
सुविधाएं:
•आरामदायक सीटें
•मोबाइल चार्जिंग और USB पॉइंट
•फायर एक्सटिंग्विशर
•सामान रखने की पर्याप्त जगह
•ट्रेन की स्पीड और अगले स्टेशन की जानकारी देने
वाली स्क्रीन
•वेंडिंग मशीन से रिफ्रेशमेंट की सुविधा
स्टैंडर्ड कोच में भी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं, हालांकि वेंडिंग मशीन की सुविधा नहीं दी गई है। प्रीमियम कोच में यात्रा करने पर निर्धारित किराये से 20 प्रतिशत अधिक किराया देना होगा।
किराया और लाभ
उद्घाटन के बाद एनसीआरटीसी ने किराया सूची भी जारी कर दी है। सराय काले खां से मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का किराया 210 रुपये तय किया गया है। मेरठ मेट्रो का न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम 60 रुपये है। मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक मेट्रो से सफर करने पर 60 रुपये खर्च होंगे। इस कॉरिडोर से गाजियाबाद, मेरठ और बागपत जैसे शहरों को सीधा फायदा मिलेगा। लोगों का समय बचेगा, ट्रैफिक का दबाव कम होगा और व्यापार व रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। दिल्ली–मेरठ नमो भारत रैपिड रेल एनसीआर क्षेत्र के लिए आधुनिक और तेज परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।



