• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

हरिद्वार कांवड़ मेला 2026: सेवा भारती ने कांवड़ियों के लिए शुरू की स्वास्थ्य सेवा

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

हरिद्वार, उत्तराखण्ड

सेवा परमो धर्मः की भारतीय परंपरा को जीवंत करते हुए हरिद्वार में कांवड़ मेला 2026 के दौरान सेवा भारती उत्तराखण्ड श्रद्धालुओं की सेवा में समर्पित भाव से जुटी हुई है। लाखों शिवभक्तों की आस्था और यात्रा को सुरक्षित, स्वस्थ और सुगम बनाने के उद्देश्य से तीन स्थानों पर प्राथमिक उपचार स्वास्थ्य शिविर प्रारंभ किए गए हैं। यह पहल केवल चिकित्सा सहायता नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और निःस्वार्थ सेवा की उस भावना का प्रतीक है जो कांवड़ यात्रा की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक उज्ज्वल बनाती है।

बता दें, हरिद्वार में कांवड़ मेला 2026 के दौरान सेवा भारती उत्तराखण्ड ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन स्थानों पर प्राथमिक उपचार स्वास्थ्य शिविर शुरू किए हैं। इन दस दिवसीय शिविरों का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक डॉ. यतीन्द्र नागयान, विभाग प्रचारक राकेश जी, विभाग सेवा प्रमुख वीर प्रताप, जिला अध्यक्ष संजय जैन, नगर सह कार्यवाह बलदेव तथा नगर प्रचारक तनुज ने किया।

इन स्वास्थ्य शिविरों में कांवड़ यात्रियों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य संबंधी सहायता और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें तुरंत सहायता मिल सके। शिविरों में स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में निरंतर तत्पर रहेंगे।

कार्यक्रम में सह प्रांत मंत्री अमरीष कुमार, स्वास्थ्य शिविर प्रभारी शालिनी अग्रवाल, रूचि, रेखा, आरती, प्रो. महेन्द्र असवाल, सुधा, उमा सिंघल, सत्यम, सिमरन, हर्ष सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने सेवा कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

सेवा भारती का यह प्रयास कांवड़ यात्रियों की सेवा, स्वास्थ्य सुरक्षा और मानवीय सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला सराहनीय कदम है। हर-हर महादेव के जयघोष के बीच यह सेवा अभियान समाज में संवेदना, सहयोग और सेवा-संस्कार का सकारात्मक संदेश दे रहा है।