मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए IRCTC अगले
महीने योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से दो विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन संचालित
करेगा। इन ट्रेनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और
ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रियों को मुरादाबाद, बरेली
समेत कई स्टेशनों से चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, पहली भारत गौरव
पर्यटक ट्रेन 12 जून से 23 जून 2026 तक संचालित होगी। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर,
ओंकारेश्वर,
नागेश्वर,
सोमनाथ,
त्र्यंबकेश्वर,
भीमाशंकर
और घृष्णेश्वर सहित सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराए जाएंगे। इसके साथ ही
द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारका, पंचवटी और कालाराम मंदिर भी यात्रा में
शामिल रहेंगे।
वहीं दूसरी पर्यटक ट्रेन 29
जून से 10 जुलाई 2026 तक चलेगी। इस पैकेज में श्रद्धालुओं
को तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथ स्वामी मंदिर रामेश्वरम,
मीनाक्षी
मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा।
IRCTC के अनुसार,
यात्रा पैकेज में रेल यात्रा, होटल में ठहरने की सुविधा, शाकाहारी
भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए बस और कैब की व्यवस्था शामिल रहेगी। यात्रियों को
स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी श्रेणी में यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही
यात्री EMI के माध्यम से आसान किश्तों में किराये का भुगतान भी कर सकेंगे।
बुकिंग पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। आईआरसीटीसी के संयुक्त महाप्रबंधक वायु नंदन शुक्ला ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए मंदिरों तक आने-जाने की व्यवस्था भी पैकेज में शामिल की गई है। वहीं IRCTC के प्रबंधक (टूरिज्म) नवनीत गोयल ने बताया कि मुरादाबाद से बुकिंग कराने वाले यात्री 9717649141 और 7302821864 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।



