• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

मन की बात: PM मोदी ने अशोक सिंघल जी को किया नमन, रामजन्मभूमि आंदोलन में उनकी भूमिका को किया याद

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 27 सितंबर को विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल जी की 100वीं जन्मजयंती पर उन्हें याद किया। ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन विशेष है, क्योंकि इसी दिन 1926 में आगरा में अशोक सिंघल जी का जन्म हुआ था। उन्होंने अपना पूरा जीवन संस्कृति, समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अशोक सिंघल जी ने रामजन्मभूमि आंदोलन को दिशा और ऊर्जा दी। आज उसी का परिणाम है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर दिखाई दे रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि उनका सौभाग्य रहा कि उन्होंने अशोक सिंघल के जीवन को करीब से देखा और उनके साथ इस मिशन से जुड़ने का अवसर भी मिला। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के दौरान उन्हें बार-बार अशोक सिंघल जी की याद आई।

उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल जी के बारे में ऐसी कई बातें हैं, जिनकी उतनी चर्चा नहीं होती। राम मंदिर आंदोलन के साथ उन्होंने सामाजिक भेदभाव और असमानता के विरुद्ध भी एक बड़ी लड़ाई लड़ी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि अशोक सिंघल जी का जन्म एक बेहद समृद्ध परिवार में हुआ था। उनके पिता सिविल सेवा अधिकारी थे और उनके भाई-बहनों में भी अधिकांश लोग बड़े पदों पर रहे। अशोक सिंघल जी खुद भी आईआईटी बीएचयू से ग्रेजुएट थे। इसके बावजूद उन्होंने अपना जीवन समाज और संस्कृति के लिए समर्पित कर दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि यही महान लोगों की पहचान होती है। उन्होंने अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर उनके करोड़ों प्रशंसकों की ओर से उन्हें नमन किया और भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।