• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

नमो भारत के साथ मेरठ की बस सेवा भी हुई हाईटेक

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

मेरठ, उत्तर प्रदेश

मेरठ शहर इन दिनों विकास की नई रफ्तार अनुभव कर रहा है। जी हैं, एक तरफ नमो भारतट्रेन के माध्यम से बेगमपुल से दिल्ली के सराय काले खां तक सफर तेज और हाई-टेक हो गया है, वहीं दूसरी ओर यात्रियों की सुविधा के लिए शहर की सिटी बस सेवा को तैयार किया गया है। अब लोगों को घर से स्टेशन तक पहुंचने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी, क्योंकि मेरठ सिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा ने नया रूट और किराया चार्ट जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, नमो भारत ट्रेन का विस्तार बेगमपुल स्टेशन तक होने के बाद बस सेवाओं के रूट में भी बदलाव किया गया है। अब बसों का मुख्य केंद्र मेरठ साउथ स्टेशन के बजाय बेगमपुल स्टेशन बना दिया गया है। शहर के कई प्रमुख इलाकों जैसे गंगानगर, मेडिकल, लोहिया नगर, हापुड़ अड्डा, जेल चुंगी, तेजगढ़ी, यूनिवर्सिटी और कंकरखेड़ा से सीधे बेगमपुल स्टेशन तक बसें चलाई जा रही हैं, ताकि यात्रियों को आसानी से ट्रेन मिल सके।

45 इलेक्ट्रिक और 8 वोल्वो बसें चलेंगी

यात्रियों को ज्यादा प्रतीक्षा न करना पड़े, इसके लिए बसों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। बेगमपुल रूट पर 45 इलेक्ट्रिक बसें और 8 लग्जरी वोल्वो बसें तैनात की गई हैं। हर 10 मिनट में बस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। गर्मी के मौसम को देखते हुए इन बसों में एसी की सुविधा भी दी गई है, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा।

किराया भी हुआ सस्ता

यात्रियों को राहत देने के लिए बस का न्यूनतम किराया 12 रुपये से घटाकर 10 रुपये कर दिया गया है। अक्सर 2 रुपये के छुट्टे को लेकर यात्रियों और कंडक्टर के बीच विवाद हो जाता था, इसलिए अब राउंड फिगर में 10 रुपये तय किया गया है। अलग-अलग रूटों पर अधिकतम किराया 30 रुपये तक रखा गया है।

सुरक्षा और तकनीक की सुविधा

इन बसों में सुरक्षा का भी खास ध्यान रखा गया है। हर बस में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जाती है। इसके अलावा यात्री मोबाइल ऐप और रूट मैप के माध्यम से बस की लाइव लोकेशन भी देख सकते हैं, जिससे उन्हें बस का समय पता चल जाता है और इंतजार कम करना पड़ता है।