निकाह के लिए मतांतरण का दबाव, दुष्कर्म का मामला दर्ज
अमरोहा में असम निवासी एक हिंदू युवती को प्रेमजाल में फंसाकर सामूहिक दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और मतांतरण के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपित फरमान समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार फरमान पांच वर्ष पहले तिरुअनंतपुरम में सैलून में काम करने गया था, जहां उसकी मुलाकात युवती से हुई, आरोप है कि फरमान ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए, गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात करा दिया गया, करीब छह माह पहले फरमान युवती को अपने घर अमरोहा ले आया, जहां उस पर मतांतरण और निकाह करने का दबाव बनाया जाने लगा।
युवती का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई साथ ही जबरन मांस खिलाने और अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी गई, पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि फरमान के भाई फैजान ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया, मामले में सरफराज का नाम भी सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने जानकारी दी कि पीड़िता की तहरीर पर बीएनएस की धारा 69 (झूठा वादा करके संबंध बनाने), 64 (दुष्कर्म), 89 (सहमति के बिना गर्भपात), 352 (जानबूझकर अपमान करने ) 351(2) (आपराधिक धमकी) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पीड़िता के स्वजन को भी सूचना दे दी गई है।



