• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शिक्षा वर्गों एवं घोष वर्ग का हुआ समापन

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

राजगढ़ और इटारसी में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शिक्षा वर्गों और वनखेड़ी में आयोजित घोष वर्ग का रविवार को समापन हो गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने 20 दिन में प्राप्त प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। राजगढ़ के जीरापुर में वर्ग के समापन समारोह को प्रान्त के संघचालक श्री अशोक पांडेय जी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हर भारतवासी में राष्ट्रभक्ति एवं चरित्र निर्माण के लिए हुई है।

प्रान्त संघचालक श्री पांडेय ने कहा कि जब डॉ. हेडगेवारजी ने संघ की स्थापना की, तब स्वतंत्रता का आंदोलन चल रहा था। उस समय उन्होंने अध्ययन, चिंतन किया और अंततः विचार किया कि देश को भले ही स्वतंत्रता प्राप्त हो जाए, लेकिन जब तक हममें यह विचार नहीं होगा कि हम पराधीन क्यों हुए। तब तक स्वतंत्रता स्थाई नहीं होगी। उन्होंने चिंतन के बाद पाया कि हम सामाजिक दृष्टि से एक नहीं थे, आपस में फूट थी, भेदभाव था, देश में एकता नहीं थी। इसलिए हमारी आजादी का अपहरण हुआ।इसलिए देश में राष्ट्रभक्ति एवं चरित्र की स्थापना के लिए संघ की स्थापना हुई।

श्री पांडेय ने कहा कि संघ ने स्थापना के बाद कई संघर्ष किये। दमन भी झेले। लेकिन उपेक्षा और दमन के बाद भी संघ कार्य में उत्तरोत्तर वृद्धि हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भागवत भूषण संत श्री प्रेमनारायण जी गेहूखेड़ी वाले एवं वर्ग के सर्वाधिकारी श्री सुनील जी पाठक उपस्थित रहे।
श्री पांडेय ने कहा कि संघ का उद्देश्य हमेशा पवित्र एवं ईश्वरीय कार्य रहा है। लोगों के चरित्र का निर्माण करने में संघ ने समाज में अपनी भूमिका अदा की है। स्वतंत्रता आंदोलन में संघ के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। बंटवारे की त्रासदी में संघ ने कई राहत सेवा की। उन्होंने कहा कि समाज में संघ के विचार को फैलाया है। सेवा कार्य, समरसता का कार्य संघ के मूल में प्रारंभ से रहा है। चीन,पाकिस्तान से हुए युद्ध में स्वयंसेवकों ने सेना की मदद की। आज भी सम्पूर्ण देश में संघ द्वारा 1 लाख 50 हजार से अधिक सेवा कार्य चलाए जा रहे हैं।

देश के अनेक मनीषियों ने समाज को समरस करने के कार्य किये। संघ भी समाज में समरसता लाने के लिए सतत कार्य करता है। अनेक मनीषियों ने पूर्व में भी समाज में यह भाव स्थापित किया कि गुण स्वभाव और श्रेष्ठता के आधार पर मनुष्य बड़ा होता है। जन्म और कुल के आधार पर नहीं। इसी के आधार पर संघ भी समाज मे समरसता स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। पर्यावरण के क्षेत्र में भी संघ कई कार्य कर रहा है। नागरिक अनुशासन, कुटुंब प्रबोधन, ग्राम विकास के माध्यम से देश के लोगों को श्रेष्ठ नागरिक बनाने का कार्य भी संघ कर रहा है। साथ ही स्व का बोध कराने के लिए भी निरंतर कार्य जारी है। वसुधैव कुटुम्बकम का भाव केवल हिन्दू धर्म में हैं। भारत को जानो, भारत को मानो और भारत के बनो। इस दिशा में भी संघ काम कर रहा है।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूज्य संत श्री प्रेमनारायण जी गेहूंखेड़ीवाले ने कहा कि हमारे भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवा ही इस देश के भविष्य निर्माता है। इसलिए युवाओं में परिवार का भाव नितांत आवश्यक है। परिवार भाव एवं कुटुंब प्रबोधन से ही राष्ट्रप्रेम का भाव जागृत होगा। जिससे हमारा भारत पुनः विश्वगुरु बनेगा। आज के परिवेश में हम देख रहे हैं कि जिस प्रकार परिवार टूट रहे हैं और युवाओं के मन में परिवार भाव कम हो रहा है। वह हम सबके लिए चिंता का विषय है। इसलिए हम सबको परिवार भाव का जागरण करना होगा और कुटुंब प्रबोधन के माध्यम से समाज को जागृत करना होगा।

विगत 15 दिन से चल रहे इस वर्ग में 332 शिक्षार्थियों ने भाग लिया। शिक्षार्थियों ने 15 दिन में शिक्षा वर्ग में सिखे गए शारीरिक, योग, व्यायाम, दंड युद्ध, नियुद्ध, पदविन्यास आदि का प्रदर्शन किया।

इटारसी में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग के समापन समारोह में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. दिनेश जैन ने कहा कि हिन्दू होने के नाते भारत की आधारभूत परिवार व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने समता, संचलन, दंड संचालन, दंडयुद्ध, नियुद्ध, पदविन्यास एवं गीत का प्रदर्शन किया गया। इस वर्ग में संघ दृष्टि के 16 जिलों, 80 खंडों और 12 मंडलों से 316 स्वयंसेवक शामिल हुए। इस अवसर पर वर्ग के सर्वाधिकारी श्री घनश्याम जी रघुवंशी, विभाग संघचालक श्री धन्नालाल जी दोंगने, नर्मदापुरम जिला संघ चालक श्री पावन जी अग्रवाल और कार्यक्रम के अतिथि श्री मोहन जी खंडेलवाल भी मंच पर उपस्थिति रहे।