मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
श्रावण मास में निकलने वाली पवित्र कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम
और व्यवस्थित बनाने के लिए मुरादाबाद पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। जी हां, शिवभक्तों
की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष ‘कांवड़ मोबाइल वैन’
शुरू की है। भगवान भोलेनाथ के चित्र और त्रिशूल से सजी यह वैन पूरे सावन महीने
कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे श्रद्धालुओं की मदद के लिए उपलब्ध रहेगी।
एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
सतपाल अंतिल के निर्देशन में शुरू की गई यह सेवा कांवड़ियों को हर तरह की सहायता
उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई है। धार्मिक स्वरूप में सजाई गई इस वैन
को इस तरह डिजाइन किया गया है कि भीड़ या रात के समय भी श्रद्धालु इसे आसानी से
पहचान सकें और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता ले सकें।
बता दें, कांठ रोड पर पैदल चलने वाले कांवड़ियों की अधिक संख्या को देखते हुए
इस वैन की विशेष तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी 8-8
घंटे की तीन शिफ्टों में लगाई गई है, ताकि हर समय
सहायता उपलब्ध कराई जा सके और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
यह मोबाइल वैन केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि
चलते-फिरते सहायता केंद्र के रूप में भी काम करेगी। इसमें फर्स्ट एड किट की
व्यवस्था रहेगी, जिससे पैरों में छाले या मामूली चोट लगने पर तुरंत उपचार किया जा
सकेगा। इसके अलावा दुर्घटना, जाम या रास्ता भटकने जैसी स्थिति में
पुलिसकर्मी तुरंत मदद करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए पीने का पानी और हल्के नाश्ते की
भी व्यवस्था की गई है।
मुरादाबाद पुलिस ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों से ही यात्रा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत कांवड़ मोबाइल वैन, नजदीकी पुलिस चौकी या हेल्पलाइन पर दें। पुलिस का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु सुरक्षित, सहज और श्रद्धापूर्वक अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर सके।



