• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

राष्ट्रव्यापी “मैं भी स्वदेशी समर्थक” अभियान का हुआ शुभारंभ

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

नई दिल्ली

स्वदेशी जागरण मंच ने संपूर्ण भारत में “मैं भी स्वदेशी समर्थक” अभियान शुरू किया है। मंच के अखिल भारतीय संयोजक आर सुंदरम ने अभियान की शुरुआत मदुरै से की।

अभियान का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि देश की उन्नति स्वदेशी के पथ पर ही संभव है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वदेशी समर्थक होना चाहिए। स्वदेशी के बल पर ही भारत आज तक विश्व पटल पर अपनी प्रगति प्रदर्शित कर रहा है। विदेशी विचार हो या वस्तु इसके बलबूते हम देश को उन्नत नहीं बना सकते। देश को समृद्धशाली बनाने के लिए भारत के प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी समर्थक होने के साथ-साथ स्वदेशी अपनाने का अगुआ बनना होगा। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर स्वदेशी जागरण मंच ने जन जागरण के लिए डिजिटल माध्यम से “मैं भी स्वदेशी समर्थक अभियान शुरू किया है”।

मंच के अखिल भारतीय सह संयोजक डॉ अश्वनी महाजन ने दिल्ली से, अखिल भारतीय सह संयोजक डॉ. धनपत राम अग्रवाल ने कलकत्ता से, सह संयोजक डॉ. राजीव कुमार ने मुरादाबाद से, सह संयोजक डॉ. अजय पतकी ने बीकानेर तथा मंच के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ. धर्मेंद्र दुबे ने गुवाहाटी से अभियान की शुरुआत की।


स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह संयोजक डॉ. अश्वनी महाजन ने कहा कि यह अभियान पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित होगा। डिजिटल पंजीकरण, सोशल मीडिया, क्यूआर कोड और ऑनलाइन जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। अभियान से जुड़ने वाले प्रत्येक व्यक्ति को डिजिटल रूप से स्वदेशी समर्थक का प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।


मैं भी स्वदेशी समर्थक” अभियान में निम्न संकल्प लिए जाएंगे –

अपने दैनिक जीवन में स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों के क्रय-विक्रय को प्राथमिकता दूँगा/ दूँगी।

मैं स्वदेशी भाषा, वेश भूषा, जीवनशैली एवं वृहद परिवार को अपनाने व प्रोत्साहित करने के लिए कार्य करूँगा/ करूँगी। 

– “युवाओं का स्वावलंबन और गुणवत्तापूर्ण रोजगार, उद्यमिता, नवाचार और स्वरोजगार के माध्यम से आता है” इस विषय पर युवाओं को प्रोत्साहित करूँगा/करूँगी।

– “भारत को समृद्ध और महान” बनाने के लिए कार्य कर रही राष्ट्रभक्त शक्तियों के साथ मिलकर, सब प्रकार का सहयोग व प्रयत्न करूँगा/ करूँगी।

राष्ट्र की एकता एवं अखंडता, स्वदेशी के समग्र प्रचार एवं जाति, भाषा, पंथ से ऊपर उठकर देश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करूंगा/ करूंगी। 

स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ. धर्मेन्द्र दुबे ने बताया कि देशभर के सभी प्रान्त व जिलों में जनजागरण अभियान चलाएंगे तथा लगभग 2 करोड़ लोग ऑनलाइन संकल्प लेंगे।