• अनुवाद करें: |
विशेष

सेवा, संवेदना, स्वावलंबन का सफर

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

सेवा, संवेदना, स्वावलंबन का सफर

बिजनौर निवासी सविता अग्रवाल की यात्रा यह संदेश देती है कि समाजसेवा केवल दान देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। किसी के हाथ में सहायता देने से बेहतर है कि उसके हाथों को हुनर दिया जाए ताकि वह स्वयं अपने जीवन की दिशा बदल सके। बेटियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने और जरूरतमंदों के साथ खड़े रहने की उनकी दो दशक लंबी यात्रा इसी सोच का उदाहरण है कि सेवा ऐसी हो जो किसी के जीवन में स्थायी बदलाव ला सके। उनका एक बड़ा सपना वृद्धाश्रम स्थापित करना भी है। वे चाहती हैं कि बुजुर्गों को सम्मान और सुरक्षित वातावरण मिल सके, जिन्हें जीवन के इस पड़ाव पर सहारे की आवश्यकता है। 

बेटियों को हुनर देकर आत्मनिर्भर बनाने से लेकर जरूरतमंदों की सेवा तक, सविता अग्रवाल का सामाजिक जीवन सेवा, संवेदना और स्वावलंबन की निरंतर यात्रा है। समाजसेवा के अनेक रूप हैं। किसी जरूरतमंद को केवल सहायता देना और उसे अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए हुनर देना इन दोनों में बड़ा अंतर है। बजनौर की सविता अग्रवाल पिछले लगभग दो दशकों से इसी विचार को अपने सेवा कार्यों का आधार बनाकर आगे बढ़ रही हैं। उनका उद्देश्य विशेष रूप से बेटियों और महिलाओं को कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है। सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, दरी-कालीन निर्माण, नायलॉन डोरी वर्क तथा अन्य हस्तकला का निःशुल्क प्रशिक्षण देकर वे अब तक पांच हजार से अधिक छात्राओं और महिलाओं को प्रशिक्षित कर चुकी हैं।

केवल प्रशिक्षण नहीं: उनके सेवा कार्यों का संचालन अग्रवाल प्रशिक्षण एवं समाज सेवा संस्थान, पंजीकृत, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के माध्यम से किया जाता है। संस्था का प्रयास केवल प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना भी है। गरीब परिवारों की बेटियों को सिलाई मशीन और साइकिल उपलब्ध कराने के साथ उन्हें ऐसा हुनर सिखाने पर जोर दिया जाता है जिससे वे भविष्य में आय अर्जित कर सकें। सविता अग्रवाल का मानना है कि स्थायी सशक्तीकरण वही है, जिसमें सहायता के साथ आत्मनिर्भर बनने का रास्ता भी मिले।

शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर: बच्चों की शिक्षा और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना भी उनके सामाजिक कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चार सरकारी विद्यालयों को गोद लेकर पूरे वर्ष विद्यार्थियों की पढ़ाई और आवश्यक स्टेशनरी में सहयोग किया जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की फीस, स्कूल ड्रेस, किताबें, कॉपियां, बैग, जूते-मोजे, पेंसिल बॉक्स, लंच बॉक्स और पानी की बोतल जैसी जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाता है। बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के लिए सामान्य ज्ञान, राखी, मेहंदी, नृत्य, गीत और ढोलक जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। पिकनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भी बच्चों का मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। उनके लिए ये गतिविधियां केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व-विकास का माध्यम हैं।

कोरोना काल में सेवा का व्यापक अभियान: कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी सविता अग्रवाल ने जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रखा। उन्होंने रोडवेज पर यात्रियों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की तथा मास्क और चप्पल वितरित किए। जरूरतमंद परिवारों को राशन की कच्ची सामग्री की किट उपलब्ध कराने के साथ अस्पतालों और घरों तक भोजन, नाश्ता, दवाइयां और फल पहुंचाने का कार्य किया। पुलिसकर्मियों के लिए भी चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई। यह दौर उनके लिए सेवा की कठिन परीक्षा था, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों की परवाह किए बिना अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया।

 पर्यावरण और जनसेवा भी प्राथमिकता: सविता अग्रवाल के सामाजिक सरोकारों में पर्यावरण संरक्षण भी शामिल है। इंदिरा पार्क सहित विभिन्न स्थानों पर औषधीय और फलदार पौधे लगाए गए हैं। वे इन पौधों की नियमित देखभाल पर भी ध्यान देती हैं। गर्मी के दिनों में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर प्याऊ लगवाने का कार्य भी किया गया है। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग और गरीब कन्याओं की शादी में सहायता देना भी उनकी सेवा गतिविधियों का हिस्सा है। सर्दियों में ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर गर्म कपड़े, कंबल, रजाई, गद्दे और गर्म पानी की बोतल जैसी आवश्यक वस्तुएं वितरित की जाती हैं।

बुजुर्गों के प्रति संवेदना: वृद्धजनों की सेवा को भी सविता अग्रवाल विशेष महत्व देती हैं। वृद्धाश्रम में जरूरत के अनुसार कपड़े, चप्पल, भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने के साथ गर्म पानी की सुविधा के लिए तीन गीजर लगवाने में सहयोग किया गया। मदर्स डे जैसे अवसरों पर वृद्धाश्रम जाकर बुजुर्गों का सम्मान करना और उनका आशीर्वाद लेना उनके लिए भावनात्मक अनुभव होता है। गुरुकुल विद्यालय, नवलपुर में जरूरत के अनुसार कंबल, जूते-चप्पल, अनाज और अन्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों और गौसेवा में सहयोग किया जाता है।

अब लक्ष्य है बड़ा बदलाव: लगभग दो दशक की सेवा-यात्रा के बाद भी सविता अग्रवाल के प्रयास थमे नहीं हैं। अब वे महिलाओं के स्वरोजगार को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाना चाहती हैं। बेकार समझी जाने वाली कोल्ड ड्रिंक की प्लास्टिक बोतलों से उपयोगी वस्तुएं तैयार करवाकर उन्हें व्यवसाय का रूप देने की योजना पर वे काम करना चाहती हैं ताकि महिलाएं अपने हुनर को आय के साधन में बदल सकें।