सैनिकों को देश की सुरक्षा और पड़ोसी देशों की किसी भी नापाक साजिश का मुंह तोड़ जवाब देने के लिए हर समय कठिन से कठिन चुनौती के लिए सैनिकों को अपने अस्त्र-शस्त्र के साथ तैयार रहना होता है। इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हवाई वितरण अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (एडीआरडीई) के वैज्ञानिकों ने सैनिकों के लिए यूनीक नई पैराशूट प्रणाली तैयार की है। इसके जरिये अब सैनिक 30 हजार फीट की ऊंचाई से दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में भी छलांग लगा सकेंगे।
विशेषकर चीन की तैयारियों को देखते हुए इस तरह के पैराशूट की आवश्यकता काफी समय से महसूस की जा रही थी। बता दें कि यह प्रणाली अमेरिका समेत कई अन्य विकसित देशों के पास पहले से उपलब्ध है। नई पैराशूट प्रणाली का मलपुरा ड्रॉपिंग जोन, आगरा में सफल परीक्षण किया गया। इस दौरान रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिक भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि पैराशूट की डिजाइन और उसके परीक्षण से जुड़ा देश का एक मात्र संस्थान एडीआरडीई है।



