इटावा, उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कई योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को नौकरी ढूंढने वाला नहीं, बल्कि खुद रोजगार देने वाला बनाना है। सरकार आसान लोन, सब्सिडी और मार्गदर्शन देकर युवाओं को अपने व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। ऐसी ही एक योजना है ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’, जिसके माध्यम से कई युवाओं ने अपना व्यवसाय शुरू किया है।
इसी योजना का लाभ लेकर इटावा के गाड़ीपुरा निवासी बिलाल हसन ने अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने जिला उद्योग केंद्र से जानकारी लेकर इस योजना के तहत 10 लाख रुपये का लोन लिया और प्रिंटिंग प्रेस व फ्लेक्स का काम शुरू किया। सरकारी मदद मिलने के बाद उनका व्यवसाय अच्छी तरह चल पड़ा। आज वे हर महीने 50 से 60 हजार रुपये तक कमा रहे हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपने साथ 5 अन्य लोगों को भी रोजगार दिया है, जिससे उनकी भी आय बढ़ रही है।
‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ के तहत सरकार युवाओं को व्यापार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देती है। इस योजना में निर्माण क्षेत्र के लिए 25 लाख रुपये तक और सेवा क्षेत्र के लिए 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है। साथ ही इसमें सब्सिडी का लाभ भी मिलता है, जिससे लोन का बोझ कम हो जाता है। इस तरह सरकार की ये पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही है और प्रदेश में छोटे-छोटे उद्योगों को बढ़ावा देकर आर्थिक विकास को भी मजबूत कर रही है।



