• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

तिरंगे के साथ राष्ट्रभक्ति का संकल्प, हर घर तिरंगा अभियान में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

नई दिल्ली

स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे देश में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे हर घर तिरंगा’ अभियान में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर शामिल हुए। तीनों नेताओं ने अपने-अपने आवास पर तिरंगा फहराकर अभियान में सहभागिता की और देशवासियों से भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान  देशभक्ति की भावना को सशक्त कर रहा है और प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्र के प्रति गर्व का भाव जागृत कर रहा है। नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराने के बाद उन्होंने कहा कि करोड़ों लोग इस अभियान से जुड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत बना रहे हैं।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पूरा राष्ट्र हर घर तिरंगा अभियान का उत्साहपूर्वक आयोजन कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने का आग्रह किया। वहीं, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी तस्वीर साझा कर अभियान के प्रति समर्थन व्यक्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भी देशवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।