साक्षात्कार: संघर्ष को संकल्प में बदला
सहारनपुर में पली-बढ़ीं प्रीति जांगड़ा की कहानी संघर्ष को संकल्प में बदलने की कहानी है। इनका बचपन नाना-नानी के घर बीता और पढ़ाई छठी कक्षा से शुरू हुई। परिवार में उच्च शिक्षा हासिल करने वाली पहली पीढ़ी की बेटी के रूप में उनके लिए आगे की पढ़ाई आसान नहीं थी। सामाजिक और पारिवारिक बाधाओं के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को जीवित रखा और टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान तक पहुंचीं। आज वे ‘लाल सखी: द वुमंस वॉइस’ के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, शिक्षा और अधिकारों के लिए काम कर रही हैं। उनका ‘धरती’ अभियान कई राज्यों तक पहुंच चुका है।
जीवन का पहला बड़ा संघर्ष क्या था?
दूसरी बेटी होने के कारण मैं नाना-नानी के पास पली। बाद में जब भाई-बहनों की पढ़ाई में अंतर देखा तो सवाल उठे। वहीं से समझ आया कि बेटी होना किसी अवसर को कम नहीं कर सकता और अपने लिए बेहतर जीवन का सपना देखा।
कब लगा कि यह केवल आपकी कहानी नहीं है?
कमला भसीन को पढ़ते समय पहली बार ‘पितृसत्ता’ शब्द समझ आया। तब एहसास हुआ कि जिन परिस्थितियों को मैं अपना व्यक्तिगत दुर्भाग्य समझती थी, वे एक बड़ी सामाजिक सोच का हिस्सा हैं। यहीं से महिलाओं के मुद्दों पर काम करने की दिशा मिली।
उच्च शिक्षा तक पहुंचने का सफर कैसा रहा?
आसान नहीं था। परिवार में उच्च शिक्षा की परंपरा नहीं थी और मुझे कई सामाजिक-पारिवारिक बाधाओं का सामना करना पड़ा। मैंने अपने सपने को छोड़ा नहीं। टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान में प्रवेश मेरे जीवन का निर्णायक मोड़ बना।
वहां पहुंचने के बाद भी चुनौतियां रहीं?
बिल्कुल। भाषा, वातावरण और सामाजिक पृष्ठभूमि के कारण खुद को साबित करना पड़ा। मैंने सीखा कि अपनी पहचान को लेकर संकोच करने के बजाय उसे अपनी ताकत बनाना चाहिए।
नौकरी के अनुभव ने आपको क्या सिखाया?
यह सिखाया कि अन्याय को सामान्य मान लेना समाधान नहीं है। मैंने कार्यस्थल पर भेदभाव का विरोध किया और अपने अधिकार के लिए आवाज उठाई। शायद उसी अनुभव ने आगे चलकर दूसरी महिलाओं की आवाज बनने की ताकत दी।
‘धरती’ अभियान की सोच कैसे आई?
ग्रामीण महिलाओं के साथ काम करते हुए महसूस किया कि मासिक धर्म केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि गरीबी, गरिमा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से भी जुड़ा है। जब नौकरी में मेरे विचारों को बार-बार खारिज किया गया तो मैंने नौकरी छोड़कर अपनी बचत से ‘लाल सखी’ की शुरुआत की।
‘धरती’ की सबसे बड़ी उपलब्धि?
मेरे लिए सफलता तब है जब कोई महिला अपने स्वास्थ्य के बारे में निर्णय खुद लेने लगे। मध्य प्रदेश के खारपा गांव में हमने लगातार तीन वर्ष काम किया। महिलाओं ने कपड़े से मासिक धर्म कप तक का सफर तय किया। यही मेरे लिए वास्तविक बदलाव है।
आज आपकी संस्था किस मुकाम पर है?
हमारा काम अब कई राज्यों तक पहुंच चुका है। गुजरात में हमारे मॉडल को सरकार ने अपनाया है। लखनऊ में कार्यालय काम कर रहा है और जल्द ही गोरखपुर में भी विस्तार होने जा रहा है। लेकिन असली उपलब्धि वे महिलाएं हैं जो अपने समुदाय में बदलाव की आवाज बन रही हैं।
सफलता को आप कैसे परिभाषित करती हैं?
सफलता यह नहीं कि कितने लोग आपको जानते हैं। सफलता तब है जब किसी लड़की को अपने सपने के लिए संघर्ष की अंतिम सीमा तक न जाना पड़े और कोई महिला अपने शरीर, स्वास्थ्य और अधिकारों पर बात करने में शर्म महसूस न करे।
खुद के लिए समय कैसे निकालती हैं?
मुझे कविता पढ़ना-लिखना पसंद है और प्रकृति से गहरा लगाव है। पेड़-पौधों, खुले आसमान और शांत वातावरण के बीच मुझे नई ऊर्जा मिलती है।
आज की बेटियों और महिलाओं के लिए आपका संदेश?
महिला सशक्तीकरण केवल महिलाओं की लड़ाई नहीं है; लड़कों की परवरिश और सोच में बदलाव भी उतना ही जरूरी है। इसके लिए महिलाओं को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से मजबूत होना होगा। इस राह में कभी सुविधा, कभी रिश्तों और कभी संसाधनों का त्याग करना पड़ सकता है, लेकिन एक महिला का साहस आने वाली पीढ़ियों की तस्वीर बदल सकता है। अपने लिए खड़ी होने वाली हर महिला, किसी दूसरी महिला के लिए रास्ता बनाती है।




