गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश
उत्तर
प्रदेश सरकार ने कैंसर रोगियों के लिए अहम निर्णय लिया है, जी हां अब उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों
में कैंसर मरीजों को निशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
के निर्देश पर प्रदेश के 64 जिलों
में कैंसर रोगियों के इलाज के लिए डे केयर सेंटर बनाए जा रहे हैं। इसके लिए शासन
स्तर से सभी जिलों में नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
जानकारी
के अनुसार, गाजियाबाद में पांच बेड का डे केयर सेंटर बनाया जाएगा। यहां फिजिशियन
डॉ. आलोक रंजन को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यह सेंटर जिला एमएमजी अस्पताल के
डेंगू वार्ड में तैयार किया जा रहा है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने इसकी
पुष्टि की है। हालांकि, मरीजों
की संख्या को देखते हुए जगह की कमी को लेकर भी विचार किया जा रहा है। जरूरत पड़ने
पर डूंडाहेडा या किसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सेंटर बनाने पर
चर्चा चल रही है।
इस पूरे
प्रोजेक्ट की निगरानी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल खुद कर रही हैं। उन्होंने सभी 64 जिलों के सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि होली से पहले कैंसर
मरीजों के इलाज के लिए डे केयर सेंटर शुरू हो जाने चाहिए। यह सेंटर एनपी-एनसीडी
कार्यक्रम के तहत खोले जा रहे हैं, जहां
इलाज के साथ-साथ मरीजों की बेहतर देखभाल की भी व्यवस्था होगी।
वही गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बागपत और बुलंदशहर समेत कई जिलों में नोडल अधिकारी, मेडिकल ऑफिसर और स्टाफ नर्सों की तैनाती कर दी गई है। कुछ
जिलों में वार्ड भी आरक्षित कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, होली से पहले कई जिलों में कैंसर मरीजों का इलाज शुरू हो
जाएगा, जिससे हजारों मरीजों को बड़ी राहत
मिलेगी।



