• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

हिन्दुत्व का चिंतन ही विश्व शांति का आधार बनेगा – आलोक कुमार जी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

हिन्दुत्व का चिंतन ही विश्व शांति का आधार बनेगा – आलोक कुमार जी


प्रशिक्षण का उद्देश्य राष्ट्र, समाज और संगठन के प्रति अनुशासन, कर्तव्य और समर्पण का दायित्वबोध कराना


मुंगेर, 12 जून 2026।

मुंगेर स्थित पुरानीगंज के सरस्वती विद्या मंदिर में 23 मई से चल रहे उत्तर-पूर्व क्षेत्र के कार्यकर्ता विकास वर्ग-प्रथम (सामान्य) का समापन हो गया। 20 दिवसीय वर्ग में बिहार और झारखंड के सभी प्रांतों से 126 शिक्षार्थी सहभागी हुए। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दक्षिण बिहार के संघ शिक्षा वर्ग एवं घोष वर्ग में 229 शिक्षार्थी सहभागी रहे।


वर्ग के समापन समारोह में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार जी ने कहा कि यह वर्ग मात्र एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वयं को राष्ट्र, समाज और संगठन के प्रति अनुशासन और समर्पण का दायित्वबोध तथा कर्तव्यबोध कराने का माध्यम है। पुरातन काल में देवताओं ने भी राक्षकों का सामना करने के लिए एक समूह में कार्य किया, जिसका उल्लेख वेदों में है। प्रशिक्षण द्वारा व्यक्ति और समाज निर्माण की जो आधारशिला गढ़ी गई है, उसे आगे जन-जन तक पहुंचाए जाने की आवश्यकता है, तभी पूरे विश्व में भारत माता का जय गान होगा। भारत अपनी सांस्कृतिक जड़ों, ज्ञान और मानवीय मूल्यों के साथ विश्व पटल पर सशक्त रूप से आगे बढ़ेगा।


उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व का चिंतन ही विश्व में शांति का आधार बन सकता है, आज विश्व पूंजीवाद, आतंकवाद से भयाक्रांत है, दुनिया के कई देश अपना वर्चस्व स्थापित के लिए युद्धरत हैं, रक्तपात मचा हुआ है। सम्पूर्ण विश्व मानवता की रक्षा के लिए भारत को अग्रणी भूमिका निभानी होगी।


उन्होंने कहा कि संघ का कार्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज में परिवर्तन कर भारत को एक सक्षम, सबल राष्ट्र के रूप में विश्व में पुनः प्रतिस्थापित करने का है। आज सम्पूर्ण विश्व में भारतीय चिंतन परम्परा की स्वीकार्यता बढ़ी है। संघ शताब्दी वर्ष का मूल विषय पंच परिवर्तन – सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का जागरण एवं नागरिक कर्तव्य की चर्चा आज सर्वत्र प्रारम्भ हुई है। पंच परिवर्तन से ही व्यवस्था परिवर्तन साकार हो सकेगा, इसके लिए स्वयंसेवकों से समाज में निरंतर प्रभावी कार्य करने का आह्वान किया।


मुख्य अतिथि मुंगेर के प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार ने कहा कि संघ हर वर्ष कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करता है। इस वर्ष मुंगेर की ऐतिहासिक धरा पर इसका आयोजन हम सबके लिए हर्ष और गौरव का क्षण है। राष्ट्रसेवा में लगे स्वयंसेवक समाज को संस्कारित और पल्लवित करते हैं। समाज और संघ एकरस-समरस होकर गतिमान हो, इस उद्देश्य के लिए वर्ग का आयोजन किया गया था।