नोएडा को मिली 45 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, CM योगी बोले- नया उत्तर प्रदेश विकास की नई पहचान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्धनगर के लिए 45 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि नया उत्तर प्रदेश आधुनिक परिवहन, बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ग्रीन मोबिलिटी और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे प्रदेश की तस्वीर बदल गई है। उन्होंने कहा कि कभी खराब सड़कों और अव्यवस्था के लिए पहचाने जाने वाला उत्तर प्रदेश आज निवेश और विकास का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने एयर कनेक्टिविटी में हुए विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या, वाराणसी, लखनऊ और कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं, जबकि जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े एयरपोर्टों में शामिल होगा। यह न केवल यात्रियों बल्कि कार्गो और एमआरओ हब के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रदेश के 11 नगर निगम क्षेत्रों में 700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा है। गौतम बुद्ध नगर में यह संख्या 15 जून तक 110 तक पहुंचाने का लक्ष्य है, जबकि भविष्य में इसे 500 बसों तक बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हाइड्रोजन बसों के संचालन को भी स्वच्छ ऊर्जा और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन आधारित परिवहन व्यवस्था उत्तर प्रदेश को ग्रीन मोबिलिटी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।



