• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

समाज से सेवा कार्यों में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

इंदौर

मेघनगर विकासखंड के ग्राम बड़ा घोसलिया में सेवाभारती मालवा प्रांत द्वारा संचालित जनजातीय सशक्तिकरण केंद्र में नवनिर्मित कौशल विकास एवं आरोग्य केंद्र का लोकार्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी जी ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन से हुआ। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक जनजातीय संस्कृति के अनुरूप किया गया। इसके बाद अतिथियों ने नव निर्मित कौशल विकास केंद्र, आरोग्य केंद्र, छात्रावास, जैविक खेती परिसर एवं अन्य इकाइयों का अवलोकन किया।

मुख्य अतिथि सुरेश सोनी जी ने कहा कि जनजातीय समाज का विकास केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के समन्वित प्रयासों से संभव है। सेवा भारती का यह केंद्र आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा और अवसर का केंद्र बनेगा। उन्होंने समाज से सेवा कार्यों में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।

करीब 32 बीघा परिसर में विकसित जनजातीय सशक्तिकरण केंद्र में युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सिलाई, ब्यूटी पार्लर, मेहंदी, मोबाइल रिपेयरिंग, मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर रिपेयरिंग, वेल्डिंग, प्लंबिंग, मोटर वाइंडिंग, एसी रिपेयरिंग, गणेश प्रतिमा निर्माण, प्लास्टर ऑफ पेरिस उत्पाद निर्माण सहित कौशल आधारित प्रशिक्षण दिए जाएंगे। किसानों के लिए जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, सीड बैंक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण भी उपलब्ध रहेगा।

परिसर में संचालित आरोग्य केंद्र के माध्यम से जनजातीय अंचल के ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों का मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे। छात्रावास में रहकर अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न उद्योगों एवं संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए इस पहल की सराहना की और भविष्य में कौशल विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में सहयोग का आश्वासन दिया।