• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

ग्रेटर नोएडा में बनेगा आधुनिक ESI अस्पताल, श्रमिकों के लिए बड़ी राहत

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश

ग्रेटर नोएडा में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। जी हां, नॉलेज पार्क क्षेत्र में लगभग 550 करोड़ रुपये की लागत से 350 बेड का आधुनिक ESI अस्पताल बनने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए करीब 29,300 वर्गमीटर जमीन का आवंटन हो चुका है और लगभग 16 करोड़ रुपये का भुगतान भी प्राधिकरण को कर दिया गया है। अब शेष औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं, जिन्हें जल्द पूरा करने की तैयारी है।

बता दें, इस अस्पताल के बनने से ग्रेटर नोएडा, मथुरा, बुलंदशहर और आसपास के क्षेत्रों के पांच लाख से अधिक ESI कार्डधारकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें बेहतर और नजदीकी इलाज की सुविधा मिल सकेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

मार्च 2025 में लखनऊ में हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परियोजना को मंजूरी दी थी। उन्होंने बताया था कि इस अस्पताल के निर्माण से करीब एक हजार लोगों को प्रत्यक्ष और दो से तीन हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

अभी तक जिले के श्रमिकों को उपचार के लिए सेक्टर-24 स्थित ESI मेडिकल कॉलेज जाना  पड़ता है, जबकि गामा-1 में केवल सीमित सुविधाएं उपलब्ध हैं। नए अस्पताल के बनने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

अधिकारियों ने लक्ष्य रखा है कि वर्ष 2030 तक इस अस्पताल का निर्माण पूरा कर लिया जाए। यहां आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। साथ ही अस्पताल परिसर में स्टाफ के लिए आवास की व्यवस्था भी की जा सकती है। यह परियोजना क्षेत्र के विकास और लोगों की सेहत के लिए एक बड़ा सकारात्मक कदम सिद्ध होगी।