मेरठ, उत्तर प्रदेश
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संघचालक सूर्य प्रकाश टोंक जी एवं मेरठ प्रान्त के संघचालक श्री प्रेमचंद जी ने बताया कि संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक 13 से 15 मार्च तक हरियाणा के समालखा में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन कार्य के विस्तार, राष्ट्रहित में समाज की सज्जन शक्ति की सक्रिय भागीदारी तथा सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
श्री सूर्य प्रकाश टोंक जी एवं प्रेमचंद जी मंगलवार को सूरजकुण्ड रोड़ मेरठ स्थित विश्व संवाद केंद्र में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
क्षेत्र संघचालक जी ने बताया कि प्रतिनिधि सभा की बैठक में संत शिरोमणि सद्गुरु श्री रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष के अवसर पर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का वक्तव्य भी प्रस्तुत किया गया। इसमें कहा गया कि वर्तमान समय में जब विभिन्न विभाजनकारी शक्तियां समाज को वर्ग और जाति के आधार पर विभाजित करने का प्रयास कर रही हैं, तब संत रविदास जी के जीवन संदेश के मर्म को समझते हुए समाज की एकात्मता के लिए कार्य करने का संकल्प लेना आवश्यक है।
प्रान्त संघचालक श्री प्रेमचंद जी ने बताया कि पिछले वर्ष में संघ के संगठनात्मक कार्य का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। संघ की शाखाओं की संख्या लगभग छह हजार की वृद्धि के साथ बढ़कर 88949 हो गई है तथा स्थानों की संख्या भी 55 हजार से अधिक हो गई है। इसके साथ ही साप्ताहिक मिलन और मंडलियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
क्षेत्र संघचालक जी ने कहा कि संगठन विस्तार के साथ संघ समाज में गुणवत्ता संवर्धन के लिए भी कार्य कर रहा है। पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज को सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। भारतीयता अथवा हिंदुत्व केवल एक विचार नहीं बल्कि जीवन शैली है, जिसके माध्यम से समाज में श्रेष्ठ मूल्यों का विस्तार होना चाहिए। इसी उद्देश्य से समाज की सज्जन शक्ति को संगठित कर राष्ट्रहित में सक्रिय करना आवश्यक है।
क्षेत्र संघचालक जी ने कहा कि आगामी वर्ष में संत शिरोमणि रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समाज से भी आग्रह किया जाएगा कि वे ऐसे सभी कार्यक्रमों में प्रतिभाग करें एवं स्वयं की प्रेरणा से भी कार्यक्रम आयोजित करें।
प्रान्त संघचालक श्री प्रेमचंद जी ने बताया की मेरठ प्रान्त में भी संगठनात्मक कार्य का निरंतर विस्तार हो रहा है। वर्तमान में प्रान्त में लगभग 2450 स्थानों पर संगठनात्मक कार्य संचालित हो रहा है। मेरठ प्रान्त में कुल 4444 शाखाएं तथा 1705 मिलन संचालित हो रहे हैं।
प्रान्त संघचालक जी ने बताया की समाज मे संगठन एवं समरसता स्थापित करने के उद्देश्य से मेरठ प्रान्त में गत 11 जनवरी से 15 फरवरी तक विभिन्न स्थानों पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों मे 563 हिंदू सम्मेलन आयोजित हुए तथा नगरीय क्षेत्रों मे 780 हिंदू सम्मेलन आयोजित हुए जिनमें 8738 ग्राम एवं 1622 नगरीय बस्तियों की भागीदारी रही। इन सम्मेलनों में लगभग 8 लाख 50 हजार से अधिक पुरुष और 4 लाख 12 हजार से अधिक महिलाएं सम्मिलित हुईं। इस प्रकार कुल मिलाकर 12 लाख 64 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही।
मेरठ प्रान्त में माह नवम्बर 2025 में गृह संपर्क अभियान के अंतर्गत 9857 ग्रामों एवं 1622 नगरीय बस्तियों में 36 लाख से अधिक परिवारों में संपर्क स्थापित किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष के अंतर्गत हो रहे इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने, संवाद स्थापित करने और सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।



