बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
बुलंदशहर में आयोजित एक विराट हिन्दू सम्मेलन में भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नहीं होता तो अब तक मेरा सिर धड़ से अलग हो गया होता। शायद मेरा सिर कलम करने वालों के अब मंसूबे पूरे नहीं होंगे। बुलंदशहर के शिकारपुर स्थित सूरजभान इंटर कॉलेज में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचीं नूपुर शर्मा ने कहा कि यदि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का साथ और समर्थन न होता, तो शायद आज वह जीवित नहीं होतीं।
नूपुर शर्मा ने कहा कि पिछले चार वर्षों से वह कठिन परिस्थितियों में जीवन जी रही हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि घर की बहू-बेटियों को सशक्त बनाया जाए और उन्हें सही-गलत की समझ दी जाए। उन्होंने कहा कि भारत ऐसा देश है, जहां बेटियों को देवी के रूप में सम्मान दिया जाता है, इसलिए उनके सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि परिवारों को अपनी बेटियों से खुलकर बातचीत करनी चाहिए और यह समझना चाहिए कि कोई भी संबंध यदि दबाव या मतांतरण की शर्त पर आधारित हो, तो वह सही नहीं हो सकता। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाज की एकजुटता, संगठन की भूमिका और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया।



