• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

काशी विश्वनाथ मंदिर के घाट पर पुनः प्रारंभ हुआ लेजर शो

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

 वाराणसी 

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के घाट पर आकर्षक लेजर शो पुनः आरम्भ हो गया है। लेजर शो प्रस्तुति में ललिता घाट तथा काशी के गौरवपूर्ण इतिहास का मनोहारी चित्रण किया गया। बता दें, गत वर्ष अनापेक्षित रूप से गंगा जी के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि के परिणामस्वरूप लेजर मशीन के सभी पोल जलमग्न हो गए थे, तब से ही यह शो नहीं हो पा रहा था। जलमग्न होने के कारण मशीनों में सिल्ट भर गई थी और वह निष्क्रिय हो गई थीं। इस प्रकार बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में महीनों जलमग्न रही और इन मशीनों को पुनः संचालन लायक बनाया जाना अभियांत्रिकी का एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य था। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने मुंबई से विशेषज्ञ तकनीशियन दल को बुला कर विशेषज्ञ संस्थानों से भी सांस्थानिक सहयोग प्राप्त करते हुए यह दुष्कर उपलब्धि प्राप्त की है।

मंदिर प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बाढ़ प्रभावित होने से पूर्व की भांति ही यह लेजर शो अब पुनः पूरी गुणवत्ता के साथ प्रदर्शन हेतु तैयार है। इस बीच श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा मंदिर के गंगा घाट पर सायंकालीन गंगा आरती भी प्रारंभ की जा चुकी है, जो अल्पकाल में ही काशी के सबसे बड़े आकर्षणों में सम्मिलित हो चुकी है। अब लेजर शो के समाहित होने से मंदिर गंगा घाट और भी वाइब्रेंट स्वरूप में श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा। लेजर शो प्रतिदिन गंगा आरती के तुरंत पश्चात आयोजित किया जाएगा। लगभग 10 मिनट की अवधि वाले प्रस्तुतीकरण में प्रकाश और ध्वनि के सुंदर संयोजन द्वारा काशी की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। वही शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अद्भुत लेजर शो का आनंद लिया। उपस्थित जनों ने लेजर शो की सराहना करते हुए अत्यंत आकर्षक बताया।