आगरा की दो बहनों के चर्चित मतांतरण मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब इस केस में मुख्य आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, मतांतरण मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड सैयद दाउद के भोपाल स्थित घर की कुर्की कर दी है। पुलिस ने घर से फर्नीचर और अन्य सामान जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी फिलहाल कनाडा में छिपा हुआ है और वहीं से पूरे मतांतरण गिरोह को फंडिंग और निर्देश दे रहा था। पुलिस को इस मामले में विदेशी फंडिंग और पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़े अहम साक्ष्यभी मिले हैं।
पुलिस अब आरोपी के खिलाफ फरारी में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। साथ ही दूतावास के माध्यम से उसे भारत लाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।दरअसल, साल 2025 में आगरा के सदर थाना क्षेत्र से दो सगी बहनें लापता हो गई थीं। जांच में पता चला कि उनका मतांतरण कर उन्हें एक संगठित गिरोह में शामिल किया गया था। बाद में पुलिस ने दोनों बहनों को पश्चिम बंगाल से सुरक्षित बरामद किया था।
इस
मामले में पुलिस ने 6 राज्यों
में फैले नेटवर्क का खुलासा किया है और अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच की कमान संभाल रही साइबर क्राइम टीम को यह भी पता चला कि पूरे नेटवर्क की
फंडिंग भोपाल निवासी सैयद दाउद कर रहा था, जिसके पाकिस्तान में बैठे लोगों से संपर्क होने के आरोप हैं।
जब पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं पाई, तो कोर्ट के आदेश पर उसके घर की कुर्की की कार्रवाई की गई। भोपाल पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी भले ही विदेश में छिपा हो, लेकिन उसे भारत लाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही गिरोह से जुड़े सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



