• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

हर महीने रोजगार मेला: युवाओं के लिए नए अवसर

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

लखनऊ, उत्तर प्रदेश

प्रदेश सरकार ने बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए हर जिले और मण्डल में हर महीने रोजगार मेले आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन मेलों के माध्यम से युवाओं को अपने ही क्षेत्र में नौकरी के अवसर मिलेंगे।

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। जी हां, अब नौकरी की तलाश में युवाओं को दूसरे शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, क्योंकि सरकार उनके अपने जिले में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, यूपी में सरकार ने युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए एक अहम कदम उठाया है। सेवायोजन विभाग अब हर जिले और मण्डल स्तर पर हर महीने बड़े रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। इन मेलों के माध्यम से कंपनियां सीधे युवाओं से जुड़ेंगी और उन्हें नौकरी के मौके देंगी।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह है कि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिल सके। इससे न केवल नौकरी पाने की प्रक्रिया आसान और तेज होगी, बल्कि निजी कंपनियों की भागीदारी भी बढ़ेगी। इसके अलावा, रोजगार संगम पोर्टल को भी और बेहतर बनाया गया है। इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करके युवा अलग-अलग कंपनियों और विभागों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी पा सकते हैं और सीधे आवेदन कर सकते हैं।

रोजगार मेलों के आयोजन को सफल बनाने के लिए सरकार हर जिले और मण्डल को 10 लाख रुपये तक की सहायता राशि भी देगी, ताकि सभी व्यवस्थाएं अच्छी तरह से की जा सकें। यह पहल बेरोजगारी कम करने में काफी मददगार सिद्ध हो सकती है। इससे युवाओं को अपने ही इलाके में काम मिलेगा और उन्हें बाहर जाने की जरूरत कम पड़ेगी।

इस समय प्रदेश में सेवायोजन विभाग के पास 51 लाख से ज्यादा बेरोजगार युवा पंजीकृत हैं। इनके लिए प्रदेश में 18 क्षेत्रीय कार्यालय, 57 जिला कार्यालय और 12 विश्वविद्यालयों में रोजगार ब्यूरो काम कर रहे हैं।