• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

नगर पालिका की पहल: रानीखेत में छात्रों के लिए खुला निःशुल्क पुस्तकालय

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

 रानीखेत,उत्तराखण्ड


शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में रानीखेत चिलियानौला नगर पालिका ने एक सराहनीय पहल की है। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ उच्च शिक्षा के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पालिका कार्यालय भवन में एक निःशुल्क पुस्तकालय की स्थापना की गई है।

इस पुस्तकालय में निर्धन वर्ग के विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान से लेकर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक एवं परास्नातक स्तर तक की उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। खास बात यह है कि पुस्तकालय की सुविधा के लिए किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाएगी। छात्र यहां चाणक्य नीति, भारतीय संविधान सहित विभिन्न ज्ञानवर्धक पुस्तकों का अध्ययन भी कर सकेंगे। पुस्तकालय के लिए अधिकांश पुस्तकें दान (डोनेशन) के माध्यम से जुटाई गई हैं। पालिकाध्यक्ष के आग्रह पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने भी पुस्तकें उपलब्ध कराकर इस पहल को मजबूती दी है। आने वाले समय में पुस्तकालय को वाई-फाई से जोड़े जाने की योजना है, जिससे विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन की सुविधा भी मिल सकेगी। चिलियानौला पालिका बोर्ड के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर इस पुस्तकालय को विद्यार्थियों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को समर्पित किया गया। शनिवार को पालिकाध्यक्ष अरुण रावत ने पुस्तकालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पहाड़ों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन महंगी किताबों और कोचिंग संस्थानों के कारण कई मेधावी छात्र हताश हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी किसी भी छात्र की सफलता में बाधा न बने, इसी उद्देश्य से पालिका कार्यालय परिसर में यह पुस्तकालय स्थापित किया गया है, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को उनकी कक्षा और विषय से संबंधित पुस्तकें आसानी से उपलब्ध हो सकें और वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें।