ODOP: सफर लोकल से ग्लोबल तक
किसी क्षेत्र की पहचान केवल उसके इतिहास से नहीं बनती, बल्कि उस कौशल से भी बनती है जिसे वहाँ के लोग पीढ़ियों से सहेजकर रखते हैं। जब ये हुनर आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों से जुड़ता है, तब वह स्थानीय उत्पादन से आगे बढ़कर वैश्विक पहचान बन जाता है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई एक जनपद, एक उत्पाद योजना इसी सोच का परिणाम है, जिसने स्थानीय उद्योगों को नया जीवन देने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर भी खोले हैं। उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना का महत्व इस बात से भी बढ़ता है कि इसकी विशिष्टता के कारण ही इसको बाद में केंद्र सरकार और अन्य राज्यों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर अपनाया गया हैं।’
उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य है जिसका लगभग हर जनपद अपनी किसी विशिष्ट कला, हस्तशिल्प या पारंपरिक उद्योग के लिए जाना जाता है। वाराणसी की बनारसी साड़ी, लखनऊ की चिकनकारी, कन्नौज का इत्र, मुरादाबाद का पीतल शिल्प, सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी, भदोही के कालीन, फिरोजाबाद का काँच उद्योग, अलीगढ़ के ताले और मेरठ का खेल उद्योग केवल व्यापारिक सामग्री नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था की पहचान भी हैं। समय के साथ इन पारंपरिक उद्योगों को बड़े उद्योगों से प्रतिस्पर्धा, बिक्री के लिए आधुनिक साधनों का अभाव, बिचौलियों पर निर्भरता तथा डिजिटल माध्यमों से दूरी जैसी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। अनेक कारीगरों की आय प्रभावित हुई और नई पीढ़ी भी इन पारंपरिक व्यवसायों से दूर होने लगी। ऐसे समय में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक जनपद एक उत्पाद योजना शुरू की, जिसका उद्देश्य केवल उत्पादों की बिक्री बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक जिले की पारंपरिक पहचान को पुनर्जीवित कर उसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना था।
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। इसमें प्रत्येक जिले के उस उत्पाद का चयन किया जाता है जो वहाँ की पहचान, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जुड़ा हो। इसके बाद कारीगरों और उद्यमियों को प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, डिज़ाइन सुधार, उत्पादनों की गुणवत्ता बढ़ाना, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांडिंग, उत्पादनों को खरीदारों तक पहुँचाने में सहायता प्रदान करना और बैंक ऋण जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराना भी हैं। कई स्थानों पर सामूहिक सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ छोटे उद्यमी आधुनिक मशीनों और परीक्षण सुविधाओं का उपयोग कर अपने उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ा सकते हैं। इसके साथ ही प्रदर्शनियों, व्यापार मेलों, ई-कॉमर्स मंचों और डिजिटल मीडिया माध्यमों से उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस प्रकार यह योजना केवल उत्पादन नहीं, बल्कि उत्पादन से लेकर व्यापार तक की पूरी प्रक्रिया को सशक्त बनाती है।
यदि इस योजना की सफलता का सबसे महत्वपूर्ण कारण खोजा जाए तो वह है डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग। आज किसी उत्पाद की सफलता केवल उसकी गुणवत्ता के साथ-साथ इस बात पर भी निर्भर करती है कि उसकी जानकारी कितने लोगों तक पहुँचती है। इंटरनेट और स्मार्टफोन के प्रसार ने उत्तर प्रदेश के छोटे से छोटे कारीगर को भी वैश्विक बाजार से जोड़ दिया है।
पहले जहाँ किसी स्थानीय उत्पाद को अपने जिले से बाहर पहचान दिलाना कठिन था, वहीं आज वह सोशल मीडिया, ई-कॉमर्स वेबसाइटों और डिजिटल प्रचार के माध्यम से देश-विदेश के ग्राहकों तक आसानी से पहुँच रहा है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, व्हाट्सएप बिजनेस और अन्य डिजिटल प्लेटफ़ार्मस ने छोटे उद्यमियों के लिए ऐसे अवसर खोले हैं जिनकी कल्पना कुछ वर्ष पहले तक करना कठिन थी। अब कोई कारीगर अपने उत्पाद की तस्वीर, निर्माण प्रक्रिया का वीडियो या उसकी ऐतिहासिक कहानी सीधे ग्राहकों तक पहुँचा सकता है। इससे न केवल बिक्री बढ़ती है, बल्कि उत्पाद की एक अलग पहचान बनती है। यही कारण है आज डिजिटल मीडिया, एक जनपद एक उत्पाद योजना की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है।
डिजिटल माध्यमों के साथ जीआई टैग (Geographical Indication-GI Tag) की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। जीआई टैग किसी उत्पाद की उस विशिष्ट पहचान का कानूनी प्रमाण है जो उसे किसी विशेष जनपद या क्षेत्र, परंपरा या निर्माण पद्धति से प्राप्त होती है। उदाहरण के लिए बनारसी साड़ी, लखनऊ की चिकनकारी, कन्नौज का इत्र और भदोही के कालीन जैसे उत्पाद केवल वस्तुएँ नहीं हैं, बल्कि अपने-अपने क्षेत्रों की सांस्कृतिक पहचान हैं। ऑनलाइन खरीदारी के दौर में ग्राहक सबसे पहले उत्पाद की प्रामाणिकता पर भरोसा करना चाहता है।
जीआई टैग यह भरोसा प्रदान करता है कि वह उत्पाद वास्तव में उसी क्षेत्र का है जिसके लिए वह प्रसिद्ध है। इससे जहां एक तरफ नकली सामग्री पर रोक लगाने में सहायता मिलती है वही दूसरी तरफ वास्तविक कारीगरों को उनके कार्य का उचित मूल्य भी प्राप्त होता है। यही वजह है कि आज जीआई टैग केवल कानूनी सुरक्षा का माध्यम ही नहीं, बल्कि डिजिटल ब्रांडिंग का भी मजबूत आधार बन गया है। जब किसी उत्पाद के साथ उसकी भौगोलिक पहचान और सांस्कृतिक कहानी भी डिजिटल माध्यमों पर प्रस्तुत की जाती है, तब उसका बाजार मूल्य और ग्राहकों का भरोसा दोनों बढ़ जाते हैं।
उत्तर प्रदेश के अनेक जिले इस परिवर्तन के उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। मेरठ का खेल उद्योग बड़ी तेजी से अपनी वेबसाइटों, डिजिटल कैटलॉग और सोशल मीडिया प्रचार के माध्यम से विदेशी खरीदारों तक पहुँच रहा है। कन्नौज का इत्र डिजिटल स्टोरीटेलिंग के माध्यम से अपनी पारंपरिक निर्माण प्रक्रिया और ऐतिहासिक विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है। सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी और मुरादाबाद का पीतल शिल्पकार्य भी ऑनलाइन मंचों के माध्यम से नई पहचान प्राप्त कर रहे हैं। इन उदाहरणों से स्पष्ट होता है कि डिजिटल माध्यम केवल उत्पाद बेचने का साधन नहीं हैं, बल्कि वे स्थानीय पहचान को वैश्विक मंच तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम भी बन चुके हैं।
इस पूरी प्रक्रिया का सबसे सकारात्मक प्रभाव उत्तर प्रदेश के युवाओं पर देखने को मिलता है। आज रोजगार का अर्थ केवल सरकारी या निजी नौकरी तक सीमित नहीं रह गया है। डिजिटल अर्थव्यवस्था ने युवाओं के सामने अनेक नए विकल्प खड़े कर दिये हैं। डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया प्रबंधन, उत्पाद फोटोग्राफी, वीडियो निर्माण, वेबसाइट विकास, ई-कॉमर्स प्रबंधन, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO), ग्राफिक डिजाइन और डिजिटल विज्ञापन जैसे क्षेत्र आज एक जनपद एक उत्पाद योजना से जुड़े उद्योगों की महत्वपूर्ण आवश्यकताएँ बन चुके हैं। इसका मतलब है कि कोई युवा स्वयं उत्पादन किये बिना भी स्थानीय उद्योगों से जुड़कर सफल उद्यमी या पेशेवर बन सकता है। पत्रकारिता, जनसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रबंधन और डिजाइन जैसे विषयों के विद्यार्थी भी इस योजना के माध्यम से स्वरोजगार और स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। एक जनपद एक उत्पाद योजना केवल पारंपरिक व्यापार संरक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि डिजिटल उद्यमिता और युवा नेतृत्व वाले आर्थिक विकास का एक प्रभावी मॉडल बनकर उभरा है।
आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा विश्लेषण और डिजिटल व्यापार जैसे क्षेत्र भी इस योजना को नई दिशा दे रहे हैं। भविष्य में इन स्थानीय उत्पादों की ऑनलाइन ब्रांडिंग, बहुभाषी प्रचार सामग्री, वैश्विक बाजार का विश्लेषण और ग्राहकों की पसंद के अनुसार व्यापार की रणनीति तैयार करने में नई तकनीकों की भूमिका और बढ़ेगी। यदि उत्तर प्रदेश का युवा इन तकनीकों को स्थानीय उद्योगों से जोड़ता है, तो वह केवल अपने लिए रोजगार ही नहीं बनाएगा, बल्कि अपने जिले की अर्थव्यवस्था को भी नई ऊँचाइयों तक ले जा सकेगा।
अंततः यह कहा जा सकता है कि एक जनपद एक उत्पाद योजना केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय अर्थव्यवस्था, जीआई टैग और डिजिटल तकनीक का ऐसा समन्वित विकास मॉडल है जिसने युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोले हैं। इसने यह सिद्ध किया है कि यदि परंपरागत कौशल को आधुनिक तकनीक, डिजिटल प्रचार और वैश्विक बाजार से जोड़ा जाए तो स्थानीय उत्पादन विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। आवश्यकता इस बात की है कि प्रदेश का युवा अपने जनपद की विशेषता को पहचाने, उसे डिजिटल माध्यमों से दुनिया तक पहुँचाए और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की इस यात्रा का सक्रिय भागीदार बने। यही एक जनपद एक उत्पाद योजना की वास्तविक सफलता है और यही विकसित उत्तर प्रदेश तथा आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला भी है।
लेखिका महाराजा अग्रसेन कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर है।




