एक क्लिक का विवेक, हजार अफवाहों पर ब्रेक
मोबाइल पर एक संदेश आता है, साथ में सरकारी दस्तावेज जैसा चित्र और उसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील होती है। संदेश किसी परिचित ने भेजा हो तो हम सहज ही विश्वास कर उसे बिना जांचे आगे बढ़ा देते हैं। कुछ ही मिनटों में वह कई व्हाट्सऐप समूहों, फेसबुक पेजों और अन्य सामाजिक माध्यमों तक पहुंच जाता है। लेकिन हम अक्सर यह जांचना भूल जाते हैं कि क्या साझा की जा रही सूचना वास्तव में सही है? यही सामान्य-सी लगने वाली प्रक्रिया आज एक बड़ी चुनौती बन चुकी है, क्योंकि तकनीक ने अफवाहों को फैलाने की गति और उनके प्रभाव को कई गुना बढ़ा दिया है।
जब अफवाह को मिल जाए तकनीक का सहारा: आज अफवाहों का स्वरूप बदल चुका है। सोशल मीडिया पर कोई भी व्यक्ति सामग्री बनाकर कुछ ही क्षणों में हजारों लोगों तक पहुंचा सकता है। समस्या तब गंभीर होती है, जब तकनीक के सहारे झूठ को सच जैसा बनाया जाए। पुरानी तस्वीर को नई घटना से जोड़ना, बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करना, नकली सरकारी आदेश बनाना या कृत्रिम बुद्धिमत्ता से किसी व्यक्ति का झूठा वीडियो तैयार करना आज की प्रमुख चुनौतियां हैं। समस्या केवल फेक न्यूज की नहीं, बल्कि ऐसी सूचना-परिस्थिति की है, जहां सच और झूठ एक ही स्क्रीन पर समान दिखाई देते हैं। इस बदलती सूचना-परिस्थिति का प्रभाव विशेष रूप से युवाओं पर पड़ता है क्योंकि वे डिजिटल माध्यमों के सबसे सक्रिय उपयोगकर्ताओं में हैं। भर्ती, परीक्षा, सरकारी योजना या स्थानीय घटना से जुड़ी गलत सूचना युवाओं को तत्काल निर्णय लेने या दूसरों को सक्रिय करने के लिए प्रेरित कर सकती है। इस प्रकार डिजिटल सूचना वास्तविक सामाजिक व्यवहार को भी प्रभावित करती है।
उत्तर प्रदेश की हाल की घटनाएं इस खतरे को समझने का अवसर देती हैं। मई 2026 में हापुड़ में महाराणा प्रताप जयंती के दौरान हुई हिंसा के वीडियो को झूठे दावे के साथ प्रसारित किया गया कि मेरठ में छह मस्जिदें तोड़ी गईं और 52 मुस्लिम परिवारों के घर जला दिए गए। फैक्ट-चेक में सामने आया कि वीडियो हापुड़ का था, जहां रैली में शामिल युवाओं और एक दुकानदार के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। यह उदाहरण दिखाता है कि वास्तविक घटना को गलत संदर्भ देकर आसानी से भ्रामक कहानी में बदला जा सकता है। युवा वर्ग सूचना को सबसे पहले प्राप्त कर उसे तेजी से आगे बढ़ाता है, इसलिए वह फेक न्यूज रोकने की पहली सामाजिक शक्ति भी बन सकता है। संदिग्ध संदेश को आगे भेजने से पहले उसकी सत्यता जांच लेना गलत सूचना की पूरी श्रृंखला को रोक सकता है।
यह समस्या उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और युवा प्रदेश में और महत्वपूर्ण हो जाती है। गांवों, कस्बों, नगरों और महानगरों में पढ़ने वाला, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाला, रोजगार की तलाश करने वाला और अपना व्यवसाय शुरू करने वाला युवा डिजिटल माध्यमों से गहराई से जुड़ा है। यहां किसी परीक्षा की तिथि, भर्ती, छात्रवृत्ति, सरकारी योजना या प्रशासनिक आदेश से जुड़ी गलत सूचना हजारों युवाओं को प्रभावित कर सकती है। इसी प्रकार किसी स्थानीय घटना से संबंधित अपुष्ट वीडियो या संदेश सामाजिक वातावरण को प्रभावित कर सकता है। इसलिए गलत सूचना से मुकाबला केवल सरकारी स्तर पर नहीं, बल्कि समाज और विशेषकर युवाओं की सजग भागीदारी से ही प्रभावी बनाया जा सकता है। हालांकि, इस दिशा में सरकार भी कई पहल कर रही है।
सरकारी प्रयासों से आगे: केंद्र सरकार के अनुसार, फर्जी-भ्रामक सूचनाओं और AI-निर्मित सामग्री से निपटना बड़ी चुनौती है। पीआईबी तथ्य जाँच इकाई (PIB Fact Check Unit - FCU) ऐसी सूचनाओं की जांच कर उनकी वास्तविकता स्पष्ट करती है। अप्रैल 2026 तक FCU 2,913 फैक्ट-चेक प्रकाशित कर चुकी थी। सरकारी प्रयासों के साथ उत्तर प्रदेश के युवाओं में मीडिया साक्षरता भी आवश्यक है। इसका अर्थ केवल इंटरनेट चलाना नहीं, बल्कि स्रोत परखना, तथ्य-राय में अंतर करना, संदर्भ समझना और प्रमाण देखना है।
युवा केवल सूचना के उपभोक्ता ही नहीं बल्कि उसके प्रहरी भी बनें। इसके लिए महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में मीडिया साक्षरता को नागरिक शिक्षा का हिस्सा बनाया जा सकता है। विद्यार्थियों को वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से यह सिखाया जा सकता है कि किसी वायरल तस्वीर की जांच कैसे करें, किसी वीडियो का मूल स्रोत कैसे खोजें, फर्जी सरकारी आदेश और वास्तविक अधिसूचना में अंतर कैसे करें तथा ।प्-जनित सामग्री के प्रति सावधानी कैसे बरतें। प्रदेश के महाविद्यालयों में ‘पहले जांच, फिर साझा’ जैसे छोटे-छोटे अभियान चलाए जा सकते हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य केवल गलत सूचना पहचानना ही नहीं है बल्कि व्यापक उद्देश्य ऐसे नागरिक तैयार करना है, जो डिजिटल दुनिया में उपलब्ध सूचनाओं को समझें, उन पर प्रश्न करें और प्रमाण के आधार पर अपनी राय बनाएं। यही आवश्यकता हमें एक कदम आगे बढ़कर ‘विवेकशील डिजिटल नागरिक’ की भूमिका की ओर ले जाती है।
सिर्फ ऑनलाइन नहीं, विवेकशील भी बनें: विद्वानों का मानना है कि गलत सूचनाओं का प्रभाव व्यापक होता है। किसी भी लोकतंत्र में नागरिक की भूमिका मतदान केंद्र तक सीमित नहीं होती। लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब नागरिक उपलब्ध सूचनाओं को समझने, प्रश्न करने और प्रमाण के आधार पर अपनी राय बनाने की क्षमता रखते हों। गलत सूचना नागरिकों को भ्रमित कर सकती है, सामाजिक विश्वास को कमजोर कर सकती है और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा कर सकती है।
इसलिए आज के युवा के सामने चुनौती केवल यह नहीं है कि वह ऑनलाइन रहे या न रहे। वास्तविक चुनौती यह है कि वह ऑनलाइन रहते हुए कितना विवेकशील रहे। उसे यह समझना होगा कि किसी सूचना को तुरंत साझा करना केवल एक डिजिटल क्रिया नहीं है। उसके पीछे सामाजिक और कभी-कभी वास्तविक जीवन के परिणाम भी हो सकते हैं। हमें ऐसी युवा पीढ़ी चाहिए जो वायरल होने की होड़ में शामिल होने के बजाय सत्य की खोज करे, जो किसी पोस्ट की लोकप्रियता से प्रभावित होने के बजाय उसके प्रमाण को देखे और किसी संदेश को आगे बढ़ाने से पहले यह सोचे कि उसका प्रभाव किसी व्यक्ति, समुदाय या समाज पर क्या पड़ेगा?
फैक्ट-चेकिंग कुछ सेकंड का काम है, लेकिन उसका सामाजिक दायित्व बड़ा है। किसी सूचना को तुरंत साझा करने के बजाय रुककर उसका स्रोत और तारीख जांचें। सरकारी योजनाओं या आदेशों के लिए संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट देखें। संदिग्ध तस्वीरों की रिवर्स इमेज सर्च और वीडियो के मूल स्रोत व संदर्भ की जांच करें। सरकारी सूचनाओं के लिए पीआईबी तथ्य जाँच इकाई (PIB Fact Check Unit - FCU) की मदद ली जा सकती है। हालांकि, हर सूचना की जांच संभव नहीं है इसलिए नागरिक का विवेक ही पहली और सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा है।
आज प्रत्येक युवा को अपने डिजिटल व्यवहार में एक नियम जोड़ना होगा कि किसी भी सूचना को आगे बढ़ाने से पहले उसकी जांच करें। किसी खबर को आगे बढ़ाने में कुछ सेकंड लगते हैं, लेकिन गलत सूचना से पैदा हुई भ्रांति को दूर करने में कई दिन लग सकते हैं। खासकर युवा वर्ग के लिए यह जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि उसकी डिजिटल सक्रियता सूचना के प्रसार की गति को कई गुना बढ़ा सकती है।
युवा शक्ति यदि इस अंतर को समझ ले, तो वह केवल फेक न्यूज का शिकार होने से स्वयं को ही नहीं बचाएगी, बल्कि अपने परिवार, समाज और प्रदेश को भी सूचना के इस नए संकट से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आखिरकार, सशक्त लोकतंत्र की पहचान यह है कि उसके नागरिकों के मोबाइल में आई हर सूचना के साथ उनका विवेक भी सक्रिय हो। आज के युग में जिम्मेदार नागरिक वही है जो हर महत्वपूर्ण सूचना की सत्यता जांचता हो, क्योंकि एक जागरूक क्लिक हजारों गलत क्लिकों को रोक सकता है।
उत्तर प्रदेश में भी डिजिटल सूचना के इस बदलते परिदृश्य को देखते हुए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, साइबर अपराध नियंत्रण और जन-जागरूकता के स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया तंत्र और साइबर सेल के माध्यम से वायरल सूचनाओं, फर्जी दावों, साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल अपराधों के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। लेकिन सरकारी प्रयास तभी अधिक प्रभावी होंगे, जब युवा स्वयं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक की भूमिका निभाएंगे।
लेखक मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय, गाजियाबाद के राजनीति विज्ञान में सहायक प्रोफेसर है।




