• अनुवाद करें: |
विशेष

रचना ने खेती को बनाया कारोबार

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

रचना ने खेती को बनाया कारोबार

रामपुर निवासी रचना चौहान केवल मशरूम उत्पादक नहीं हैं। वह एक ऐसी ग्रामीण महिला उद्यमी के रूप में उभर रही हैं, जिसने अपने निर्णय से अपनी जिंदगी बदली और साथ ही गांव की दूसरी महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर दिए। सरकारी नौकरी से खेती तक का यह सफर इस बात का उदाहरण है कि सफलता का रास्ता हमेशा एक जैसा नहीं होता। कभी-कभी सुरक्षित रास्ते से बाहर निकलकर अपनी क्षमता और रुचि के क्षेत्र में कदम रखना ही नई संभावनाओं की शुरुआत बन जाती है।

सुरक्षित सरकारी नौकरी को छोड़कर खेती को अपना व्यवसाय बनाना आसान फैसला नहीं होता। लेकिन रचना चौहान ने यह फैसला लिया और आज उनका यही निर्णय न केवल उनकी पहचान बन चुका है, बल्कि गांव की आठ महिलाओं के लिए रोजगार का माध्यम भी बन गया है।

कुछ वर्ष पहले तक रचना बरेली महानगर के सूफी टोला स्थित बेसिक स्कूल में सहायक अध्यापक थीं। उनके पति संजीव तोमर जिला पंचायती राज विभाग में ग्राम पंचायत सचिव हैं। पति-पत्नी दोनों सरकारी सेवा में थे, लेकिन नौकरी के कारण परिवार और घर की जिम्मेदारियों के लिए पर्याप्त समय निकाल पाना मुश्किल हो रहा था। परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए रचना ने पति की सहमति से अपनी सरकारी नौकरी से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया।

नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने रामपुर में परिवार के साथ रहकर घर संभालना शुरू किया। लेकिन उनकी कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। ग्रामीण परिवेश से होने के कारण उन्हें खेती-किसानी की जानकारी पहले से थी। इसी रुचि को उन्होंने रोजगार के अवसर में बदलने का निर्णय लिया। रचना ने पंतनगर विश्वविद्यालय से मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। प्रशिक्षण ने उन्हें भरोसा दिया कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ मशरूम उत्पादन को भी व्यवसाय के रूप में अपनाया जा सकता है। परिवार से करीब डेढ़ बीघा जमीन मिलने के बाद उन्होंने ग्राम शादी की मढ़इया में मशरूम की खेती शुरू की।

शुरुआत छोटे स्तर पर हुई, लेकिन उत्पादन और बाजार की संभावनाओं को समझते हुए रचना ने धीरे-धीरे इस काम को विस्तार किया। जब मशरूम की खेती का परिणाम उत्साहजनक रहा तो उन्होंने इसका प्लांट स्थापित किया। आज वह करीब पांच बीघा क्षेत्र में मशरूम की खेती कर रही हैं। रचना की सफलता का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि उन्होंने अपने व्यवसाय को केवल व्यक्तिगत आय का माध्यम नहीं बनने दिया। खेती और प्लांट की देखभाल के लिए उन्होंने गांव की आठ महिलाओं को काम से जोड़ा। इस तरह उनकी अपनी आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ-साथ दूसरी महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा हुए। रचना का मानना है कि ग्रामीण महिलाओं के पास मेहनत और हुनर की कमी नहीं है, जरूरत केवल अवसर और सही प्रशिक्षण की है। उनका अपना सफर भी इसी बात का उदाहरण है। एक ओर उन्होंने सरकारी नौकरी जैसी स्थिर आय का विकल्प छोड़ा, वहीं दूसरी ओर कृषि आधारित उद्यम को अपनाकर अपनी नई पहचान बनाई।

मशरूम की खेती ने उनके लिए कई संभावनाओं के दरवाजे खोले। इसमें सीमित भूमि में उत्पादन की संभावना, प्रशिक्षण के माध्यम से तकनीकी जानकारी और बाजार से जुड़ने के अवसर ने उनके निर्णय को मजबूती दी। रचना की कहानी उन युवाओं और महिलाओं के लिए भी प्रेरणा है जो खेती को केवल पारंपरिक आजीविका मानते हैं। उनका सफर बताता है कि आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और उद्यमिता के साथ खेती भी एक लाभकारी व्यवसाय बन सकती है।