• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

मदन मोहन मालवीय विश्वविद्यालय में संघ का विजयादशमी उत्सव आयोजित

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दक्षिणी भाग के मालवीय नगर की महामना बस्ती द्वारा मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विजयादशमी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश जी का पाथेय स्वयंसेवकों को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत प्रचारक रमेश जी, प्रो. जे. पी. सैनी तथा नगर संघचालक जीउत जी द्वारा भगवान श्रीराम और मां दुर्गा के चित्र पर पुष्पार्चन एवं शस्त्र पूजन के साथ हुआ। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए प्रांत प्रचारक रमेश जी ने संघ के शताब्दी वर्ष और पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि यह वर्ष राष्ट्र साधना का सौवां वर्ष है, जो हम सभी के लिए ऐतिहासिक है। इस ऐतिहासिकता को प्राप्त करने में लंबी यात्रा का योगदान रहा है। देश के समक्ष हर काल में चुनौतियां उपस्थित रही हैं, और ये तब आती हैं जब व्यक्ति अपने लिए जीने लगता है, समाज के लिए नहीं। संघ समाज के लिए जीवन जीने वाले व्यक्तियों के निर्माण की पाठशाला है। भारत ज्ञान, शक्ति और संपदा में श्रेष्ठ होते हुए भी संकटों से गुजरा है , ये संकट राजनीतिक, सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप में सामने आते रहे हैं।


देश के लिए जीना और समर्पित होना ही संघ सिखाता है। प्रांत प्रचारक रमेश जी ने कहा कि संघ राष्ट्र को सर्वोपरी मानते हुए कार्य करता है। स्वतंत्रता आंदोलन में देश के लिए प्राण न्योछावर करने वालों की श्रृंखला में संघ कार्यकर्ताओं का भी नाम शामिल रहा है। आरएसएस ने बताया कि देश के लिए कैसे जीना है। उन्होंने स्वयंसेवकों से कहा कि संघ को शब्दों से नहीं, बल्कि आचरण से सीखना चाहिए। संघ को समझना है तो शाखा में आना पड़ेगा। बौद्धिक कार्यक्रम के उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा पूर्ण गणवेश में पथ संचलन निकाला गया, जिस पर जगह-जगह समाज द्वारा पुष्पवर्षा की गई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विभाग प्रचारक अजय नारायण, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अवधेश, भाग प्रचारक मनीष, संपर्क प्रमुख प्रो. बी. के. पाण्डेय, अंजनी सिंह, नगर कार्यवाह अजय आदि उपस्थित रहे।