• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

41 सड़कों का नामकरण शहीदों के नाम पर

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

देश के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले शहीदों के सम्मान में जिले की कई सड़कों का नामकरण शहीदों के नाम पर होगा। बता दें कि हापुड़ जिले की 41 सड़कों के नाम अमर शहीदों के नाम पर रखे जाएंगे। जिला प्रशासन को इसकी सूची बनाकर भेजी गई है। जल्द ही स्वीकृति मिलने के बाद शहीदों के नाम से इन 41 सड़कों को जाना जाएगा। वर्तमान नेतृत्व राष्ट्र की रक्षा करते हुए बलिदान होने वाले बलिदानियों को सम्मान देने के लिए दृढ़ संकल्पित है। शासन के निर्देश पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग ने इसकी सूची तैयार की है।

गौरतलब है कि लेफ्टिनेंट कर्नल विवेक सिंह की इस सूची के अनुसार, नायक चमन सिंह के नाम से बनखंडा-उदयपुर संपर्क मार्ग, लॉस नायक सतपाल सिंह के नाम से डेहरा कुटी सड़क से लुहारी संपर्क मार्ग, नायक करतार सिंह के नाम से बहादुरगढ़- सेहल संपर्क मार्ग, मेजर महेंद्र सिंह के नाम से मेजर महेंद्र सिंह द्वार से सपनावत संपर्क मार्ग होगा।

सिपाही मनोज कुमार के नाम से सिरोधन छज्जुपुर संपर्क मार्ग, वारंट आफिसर ब्रजपाल सिंह के नाम से नंगला- सपनावत संपर्क मार्ग, गनर राजेश पाल राणा के नाम से गुलावठी रोड से छज्जूपुर - संपर्क मार्ग, जीडीआर धर्म सिंह के नाम से पिलखुवा सिखेड़ा मार्ग, सिपाही राजवीर सिंह के नाम से पिलखुवा धौलाना रोड से  सिखेड़ा मार्ग के नाम से जाना जाएगा। वहीं नायक यशपाल सिंह के नाम से मध्य गंगा नहर से इकलैड़ी संपर्क मार्ग, सिपाही टीकम सिंह के नाम से पिलखुवा- खेड़ा संपर्क मार्ग होगा।

इसके अलावा अन्य शहीदों के नाम भी ग्रामों की मुख्य सड़क, लिंक रोड और पंचायत घर उनके नाम से नामकरण किये जाएंगे। साथ ही तीन अवार्ड पाने वाले फ्लाइंग ऑफिसर सुधीर त्यागी (एफ/आर) वीरचक्र (मरणोपरांत), वीर चक्र प्राप्त ब्रिगेडियर जितेंद्र सिंह तोमर और शौर्य चक्र प्राप्त ग्रेनेडियर रणजीत सिंह के नाम से गढ़, धौलाना व हापुड़ में चौराहे सड़क का नामकरण होगा। इससे न केवल शहीदों का सम्मान बढ़ेगा बल्कि जिले में राष्ट्रीय भावना को भी संबल मिलेगा।